|
खरगोन. जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिलदार पटेल को तीन पत्नियों के कारण दुविधा का सामना करना पड़ रहा है। भीकनगांव क्षेत्र से श्री पटेल की तीसरे नंबर की पत्नी संगीता पटेल को टिकट दिए जाने के बाद उनके परिवार में मनमुटाव की चर्चा आम है।
बड़ी और मझली पत्नी ने अपनी सौतन संगीता के प्रचार-प्रसार से कन्नी काट ली है। श्री पटेल परिवार में एकता एवं तीनों पत्नियों द्वारा मिलकर प्रचार किए जाने की बात कह रहे हैं लेकिन प्रचार के दौरान ऐसा कहीं भी दिखाई नहीं दे रहा है।
कांग्रेस प्रत्याशी संगीता पटेल अपने पति सिलदार पटेल के साथ भीकनगांव क्षेत्र के प्रचार-प्रसार में अकेली पड़ती दिखाई दे रही हैं, पारिवारिक सहयोग नहीं मिल रहा है। गत दिवस मोहनखेड़ी, साल्याखेड़ी, गोराड़िया, शिवना आदि गांवों में पटेल दंपति ने वोट देने की गुहार लगाई।
इस दौरान श्री पटेल की बड़ी पत्नी भुरलीबाई (बड़ी पटलन) व मझली पत्नी झुमाबाई (मझली पटलन) कहीं नजर नहीं आईं। उपस्थित ग्रामीणों ने संगीता पटेल को टिकट दिए जाने से पारिवारिक एकता में पड़ी खटास का जिक्र किया तो श्री पटेल ने कहा ऐसी कोई बात नहीं है। मैं अभी बड़ी पटलन और छोटी पटलन को बुलाता हूं। श्री पटेल ने मौके से कई फोन लगाए लेकिन बड़ी पटलन और छोटी पटलन ने प्रचार पर आने से साफ इनकार कर दिया। मंगलवार को झिरन्या में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह की सभा में भी श्री पटेल पारिवारिक एकता नहीं दिखा सके।
और वे चारों पत्नियों के साथ निकलें जीत के सफर पर : बड़वानी के भाजपा विधायक एवं पार्टी प्रत्याशी प्रेमसिंह पटेल की चार पत्नियां हैं। इन दिनों वे अपनी चारों पत्नियों के साथ वोट की जुगाड़ में नजर आ रहे हैं। बड़ी पत्नी आस्माबाई ने अपने मायके सिलावद क्षेत्र में, दूसरी पत्नी सिरवटीबाई ने अपने मायके एवं ससुराल सुस्तीखेड़ा क्षेत्र में, तीसरी पत्नी कोकिलाबाई ने ससुराल क्षेत्र में एवं चौथी पत्नी ने कमलीबाई ने अपने मायके क्षेत्र में श्री पटेल के लिए अधिकाधिक वोटों की जुगाड़ की है। चुनावी समर में श्री पटेल ससुराल पक्ष के सारे नाते-रिश्तेदारों का भी समर्थन व सहयोग हासिल कर रहे हैं।