|
इंदौर. अ.भा. कांग्रेस कमेटी के महासचिव, सांसद राहुल गांधी 22 नवंबर को दशहरा मैदान में दोपहर 1 बजे कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में आमसभा को संबोधित करेंगे। सभा के लिए कांग्रेस ने सभी तैयारियां पूरी कर लीं। मंच पर श्री गांधी के साथ केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कमलनाथ, योजना एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री नारायण सामी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी मौजूद रहेंगे।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन ने बताया श्री गांधी जबलपुर से इंदौर पहुंचेंगे। इसके बाद एयरपोर्ट से दशहरा मैदान पहुंचेंगे और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे। बाद में वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
श्री गांधी की सभा के मद्देनजर सभी मोर्चा संगठन के अध्यक्षों को विभिन्न जवाबदारियों को सौंपते हुए आमसभा को सफल बनाने का आह्वान किया। प्रवक्ता अनिल यादव ने बताया सभा के मद्देनजर श्री टंडन ने युवक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्रसिंह यादव, कविता शुक्ला भाराछासं अध्यक्ष टंटू शर्मा, श्रवण वर्मा को विभिन्न जवाबदारियां सौंपी। सभा स्थल पर सुचारु व्यवस्था का जिम्मेदारी सेवादल के मुख्य संगठक ओंकार यादव और उनकी टीम को दी गई है।
युवाओं के कंधे पर महत्वपूर्ण जवाबदारियां
दशहरा मैदान पर श्री गांधी की आमसभा के लिए नारायण सामी ने शुक्रवार सुबह आयोजन स्थल पर तैयारियों का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए। श्री सामी के साथ इंदौर जिले के लिए नियुक्त कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री सिंगलाजी एवं युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक तंवर साथ थे।
इस मौके पर चंद्रप्रभाष शेखर, कृपाशंकर शुक्ला, उजागरसिंह, संतोष दुबे, दिलीप राजपाल, अर्चना जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद थे। तैयारियों के बाद श्री सामी ने गांधीभवन में कांग्रेसियों को संबोधित करते हुए कहा आज के समय में युवाओं के कंधों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। हमारे नेता राहुल गांधी हमेशा युवकों को आगे बढ़ाने के बारे में प्रयासरत हैं। उन्होंने युवकों को टिकट दिलवाए। लोगों ने प्रदेश में भाजपा को सत्ता से दूर रखने का मन बना लिया है। झाबुआ, मंदसौर, खिलचीपुर, हरदा में श्री गांधी की सभा काफी सफल हुई।