|
इंदौर. मध्यप्रदेश का यह चुनाव सिर्फ प्रदेश की सरकार या भविष्य नहीं हिंदुस्तान की राजनीति की दिशा तय करेगा। यह बात भाजपा के कद्दावर नेता और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा राऊ के भंवरकुआं क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी जीतू जिराती के समर्थन में शहर में हुई सभा में कही।
उन्होंने कहा दिल्ली की सरकार को साढ़े चार साल हो गए पर 100 लोगों से पूछ लीजिए कि गरीब के लिए किए गए पांच काम बता दें, वे नहीं बता सकेंगे। दूसरी ओर प्रदेश में शिवराजसिंह के काम पूछ लिजिए। मुख्यमंत्रियों की सभा में देशभर के आईएस देखते हैं कि शिवराज क्या बोलने वाले हैं।
वे जब बोलते हैं तो प्रधानमंत्री भी लिखने लगते हैं। मैं सरदार पटेल और गांधी की धरती से आया हूं। गांधी का एक ही सपना था जिसे आपको पूरा करना है और वह यह है कि कांग्रेस को खत्म कर दो। देश के लिए कांग्रेस बोझ बन गई है। कांग्रेस के किसी भी व्यक्ति से पूछ लो कि तुम्हारा नेता कौन है तो वह कभी भी प्रधानमंत्री का नाम नहीं लेगा। आप ही बताइए जब प्रधानमंत्री को उसकी ही पार्टी के लोग नेता नहीं कहेंगे तो वह देश कैसे चलाएगा। आज तो यही पता नहीं चल रहा कि देश को चला कौन रहा है?
सब जगह से साफ हो गई है कांग्रेस
दिल्ली के चुनाव के बाद देशभर में हुए चुनाव में कांग्रेस का पत्ता साफ होता जा रहा है। उत्तरप्रदेश में पंडित नेहरू से लेकर बड़े-बड़े नेता हुए पर पिछले 20 साल से कांग्रेस वहां नजर नहीं आई। लोग उसकी सच्चई जान चुके हैं। बिहार में लोगों ने लालू को झेला पर कांग्रेस को नहीं। पश्चिम बंगाल में इतनी बरबादी के बाद भी लोग लालियों (वामपंथी) को झेल रहे हैं पर कांग्रेस को घुसने नहीं दिया।
महंगाई कम मत करो, मुंह तो खोलो
सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा देश महंगाई की मार झेल रहा है, पर इनके मुंह से दु:ख तक नहीं निकला। अरे महंगाई कम करो या मत करो पर मुंह तो खोलो।
कांग्रेस प्रदेश में मुख्यमंत्री का नमूना तो बता दे?
प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति पर उन्होंने कहा हम खुले तौर पर शिवराजसिंह के नेतृत्व में चुनाव है पर कांग्रेस में दम है तो बता दे कि प्रदेश में नेतृत्व कौन करेगा? उनके पास नमूना दिखाने के लिए भी नहीं है, ऐसे में गोडाउन का माल कैसा होगा?
गुजकोक नहीं तो मकोका क्यों? अहमदाबाद ब्लास्ट के आंतकियों को मैंने पकड़ा और गुजकोक लगाने की बात कही तो केंद्र ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर उस कानून को लागू करने से इंकार कर दिया जबकि महाराष्ट्र में बना मकोका, गुजकोक से कामा और फुलस्टाप में भी अलग नहीं है, फिर भी वहां साधु-संतों पर उसका उपयोग हो रहा है।
इंदौर-1 में नहीं पहुंच सके
श्री मोदी को इंदौर-1 में भी आमसभा को संबोधित करना था। शहर इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष वर्मा ने बताया आवश्यक कार्य होने से गुजरात जाना पड़ा, इसलिए वे सभा में शामिल नहीं हो सके।
पाप करने वालों को छोड़ेगी नहीं..
>> मैं विश्वास दिलाता हूं जिस दिन भाजपा दिल्ली की गद्दी पर बैठेगी, कांग्रेस के पाप करने वालों को छोड़ेगी नहीं और मैं भी छोड़ने वालों में से नहीं हूं।
>> लोकतंत्र को किसी की नजर नहीं लगे इसलिए वोट जरूर डाले और अंगुली पर काला टीका जरूर लगवाएं।
>> लक्ष्मी के बिना विकास और समृद्धि नहीं है और लक्ष्मी न तो साइकिल पर आती है न ही हाथी पर और न ही हाथों से पैदा होती है। वह तो कमल पर ही बैठती है। इसलिए कमल को ही चुनें।
>> जीतू जिराती एक जूझारू नौजवान है, जिसमें जीत शब्द छिपा है। कांग्रेस ने पहले ही हार मान ली जो पटवारी को खड़ा कर दिया जो पहले ही पट.. है।