|
इंदौर. विधानसभा क्षेत्र इंदौर-1 के कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला को जनसंपर्क के दौरान हज हाउस में हज यात्रियों से खुद व पार्टी को जिताने की दुआ करने की अपील करने के कारण शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया जहां से दोपहर बाद उन्हें दस हजार रु. की जमानत पर छोड़ दिया गया। इस बारे में चुनाव आयोग से भाजपा ने शिकायत की थी।
सुबह 9.30 बजे श्री शुक्ला बड़ा गणपति क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे थे तभी भारी पुलिस बल पहुंचा और उन्हें पकड़कर मल्हारगंज थाने ले गया। सहसा हुई इस कार्रवाई से उनके समर्थक बौखला गए और थाने पर जमा होने लगे। यह देख पुलिस उन्हें सदर बाजार थाने ले गई।
वहां खुलासा हुआ कि श्री शुक्ला पर धारा 123(3) लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम व आईपीसी की धारा 188 के तहत आचार संहिता के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज हुआ है। सदर बाजार थाने पर भीड़ बढ़ती देख पुलिस ताबड़तोड़ रोजनामचे में गिरफ्तारी डालकर शुक्ला को सीधे सप्तम व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-2 अयाज मोहम्मद की कोर्ट नं. 8 में ले गई और 28 नवंबर तक न्यायिक निरोध दिए जाने का निवेदन किया।
करीब तीन घंटे चली बहस के दौरान पुलिस व शुक्ला के वकीलों ने अपने-अपने पक्ष रखे। इन पर गौर करने के बाद करीब 2 बजे शुक्ला को दस हजार रुपए की जमानत पर छोड़ दिया गया। अगली सुनवाई 6 दिसंबर को मुकर्रर की गई। इससे पहले कोर्ट में भी शुक्ला समर्थकों की भारी भीड़ लग गई थी। परिसर के बाहर खड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की कोशिश की तो सीएसपी रायसिंह नरवरिया व टीआई एसके तोमर द्वारा कार्रवाई का डर दिखाए जाने के बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।
सीएसपी सिद्धार्थ चौधरी ने बताया इंदौर-1 मेंभाजपा के चुनाव संचालक प्राधिकरण उपाध्यक्ष माणकचंद सोगानी ने चुनाव आयोग से शुक्ला द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत की थी। इसमें कहा गया कि 16 नवंबर को जनसंपर्क के दौरान शुक्ला हज हाउस पहुंचे और यात्रियों से मिलकर खुद के साथ पार्टी को जिताने की दुआ करने की अपील की। आयोग की तरफ से मामले की जांच पुलिस को सौंपी गई। पुलिस ने वीडियोक्लीपिंग देखने के साथ मौके पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर आरोप सही पाया। इसके अलावा 15 अक्टूबर से कलेक्टर द्वारा लागू सार्वजनिक व धार्मिक स्थानों में प्रचार पर प्रतिबंध के धारा 144 के आदेश की भी अव्हेलना पाई गई।
संजय शुक्ला इंदौर के हज यात्रियों से नहीं मिले
सदर बाजार स्थित हज हाउस इंतजामिया कमेटी के हाजी मोहम्मद शरीफ खान, इलियास भाई ठेकेदार, हाजी रियाजुद्दीन, मोइनउद्दीन रजवी, हाजी शरीफ मंसूरी आदि ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि 16 नवंबर को कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला हज हाउस में इंदौर के हज यात्रियों और मतदाताओं से मिलने नहीं आए थे।