|
जयपुर.
जयपुर में चल रहे अंतरराष्ट्रीय सी.ए. सम्मेलन में देश-विदेश से आए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स और उनके परिजनों ने शुक्रवार को पाश्र्व गायिका अलका याग्निक के गीतों का लुत्फ उठाया। एसएमएस इन्वेस्टमेंट ग्राउंड पर बॉलीवुड के सतरंगी रंगों में सजी इस शाम में अलका याग्निक ने अपनी पुरकशिश आवाज में नए-पुराने फिल्मी गीत पेश किए।
विशाल स्टेज पर आर्केस्ट्रा के एक दर्जन से भी अधिक कलाकारों के साथ अलका याग्निक ने गीत गाए। कार्यक्रम की शुरुआत अलका ने ‘कुछ-कुछ होता है’ गीत से की। इसके बाद उन्होंने किसी रोज उनसे मुलाकात होगी, जरा तस्वीर से तू निकलके सामने आ, बोले चूड़ियां, कह दो कह दो आई लव यू, दिल परदेसी हो गया और ‘तौबा तुम्हारे ये इशारे’ सरीखे दिलकश गीतों की माला पिरोई। कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम स्थल पर लोगों की आवाजाही और मची खाने-पीने की होड़ ने अलका याग्निक को कई बार विचलित किया। आखिर अलका के आग्रह पर वहां लगी स्टाल्स की बत्ती गुल की गई तब जाकर लोगों ने सीटों पर बैठकर उनके कार्यक्रम में दिल लगाया। वे वहां से निकल रही बारातों में हो रही आतिशबाजी से भी खासी परेशान रहीं, पर इसके बावजूद उन्होंने सभी गीत तसल्ली से गाए।
इससे पूर्व हास्य कलाकार वीआईपी ने बिना रुके इक्यावन नेता और अभिनेताओं की आवाज निकालकर लोगों को हैरत में डाल दिया। अलका के साथ आए ‘के फॉर किशोर’ फेम चेतन ने सोनू निगम का गाया गीत चांद सिफारिश जो करता हमारी और किशोर कुमार का गाया गीत ‘एक अजनबी हसीना से यूं मुलाकात हो गई’ गीत पेश किया।