|
जयपुर. भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार का कार्यक्रम शनिवार से प्रारम्भ हो रहा है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे प्रचार अभियान की शुरुआत कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी के निर्वाचन क्षेत्र नाथद्वारा में रविवार को करेगी। पार्टी की ओर से रविवार को बारह सभाएं होंगी जिसे पार्टी नेता सम्बोधित करेंगे।
भाजपा के चुनाव कार्यक्रम समिति के संयोजक ओंकारसिंह लखावत के अनुसार मुख्यमंत्री रविवार को नाथद्वारा में श्रीनाथ जी के दर्शन करने के बाद कार्यकर्ताओं की सभा को सम्बोधित करेंगी और अपने प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगी। उनके साथ प्रदेश प्रभारी गोपीनाथ मुंडे और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर भी रहेंगे। इसी दिन उनकी छोटी सादड़ी में दोपहर एक बजे, बूंदी में 2.40 बजे, आसींद में 4.30 बजे और भीलवाड़ा में शाम 6.30 बजे सभा आयोजित की जाएगी। वसुंधरा राजे 24 को पहली सभा ब्यावर में होगी उसके बाद डेगाना, दूदू, लोसल (सीकर), खेजरोली (शाहपुरा) और आंधी में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी गोपीनाथ मुंडे शनिवार को बीकानेर में प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए प्रात: 11 बजे आयोजित सभा को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद मुंडे अपरान्ह तीन बजे जोधपुर में होने वाली सभा को सम्बोधित करेंगे। मुंडे रविवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ नाथद्वारा में होने वाले कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद उदयपुर में सायं 6 बजे कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राजस्थान के चुनाव प्रभारी वैंकेया नायडू सोमवार को अजमेर में शाम 6 बजे आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष रामदास अग्रवाल रविवार को कोटा में प्रात: 11 और भरतपुर में दोपहर तीन बजे कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर रविवार को नाथद्वारा में मुख्यमंत्री के साथ आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद 3 बजे बाली में आम सभा को संबोधित करेंगी। उसके बाद 5:45 बजे सुमेरपुर में होने वाली आमसभा को संबोधित करेंगी।