Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

भाजपा ने दी आर्थिक आत्मनिर्भरता: सिद्धू

ग्वालियर. प्रसिद्ध क्रिकेटर और भाजपा सांसद नवजोतसिंह सिद्धू ने कहा कि किसी भी प्रदेश का विकास उसकी आर्थिक आत्मनिर्भरता पर निर्भर करता है और मध्यप्रदेश में यही काम भाजपा की सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने दस साल के शासन में 30 हजार करोड़ रुपए का कर्जा राज्य की जनता पर छोड़ दिया था, उसका निपटारा कर शिवराज सरकार ने खजाना भरने का भी प्रयास किया।

श्री सिद्धू ने शुक्रवार को संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि सुंदरलाल पटवा की सरकार में सरप्लस मनी पांच हजार छह सौ करोड़ रुपए थी। उसके बाद आई कांग्रेस की दिग्विजय सिंह सरकार ने प्रदेश को 30 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में डुबो दिया। भाजपा की सरकार आने पर उसे खजाना खाली मिला और उसके बाद शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार ने पांच वर्ष में न सिर्फ 13 हजार 339 करोड़ रुपए की सरप्लस मनी जुटाई बल्कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास में भी कसर नहीं छोड़ी।

श्री सिद्धू ने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि केन्द्र में अटलबिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी सरकार के समय मुद्रा स्फीति की दर 3.8 फीसदी थी। यह यूपीए सरकार में बढ़कर 14 फीसदी के लगभग हो गई। उन्होंने अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि चीन से हुए युद्ध के समय भी यह दर सात फीसदी तक ही पहुंची थी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रतिव्यक्ति आय में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2003 में प्रतिव्यक्ति आय 10 हजार 777 रुपए थी, जो वर्ष 2006-07 में बढ़कर 15 हजार 555 रुपए हो गई।

सुनहरे ड्रम की तरह है कांग्रेस
श्री सिद्धू के अनुसार, कांग्रेस एक सुनहरे ड्रम की तरह है जो देखने में तो आकर्षक है ही और आवाज भी काफी करती है, लेकिन अंदर देखने पर उसमें हवा के अलावा कुछ भी नहीं होता। इसी कारण उत्तरप्रदेश, बिहार और बंगाल जैसे प्रांतों में पार्टी का नाम लेने वाला कोई नहीं है। यही हाल जल्द ही अन्य प्रदेशों में भी होने वाला है।

कठपुतली बन गई हैं जांच एजेंसियां
श्री सिद्धू ने देश की केन्द्रीय जांच एजेंसियों पर आरोप लगाया कि वे सत्ता के हाथ की कठपुतलियां बन गई हैं। इससे लोगों का भरोसा उनसे उठता जा रहा है। उन्होंने साधु-संतों पर लगाए जा रहे आरोपों के बारे में कहा कि कांग्रेस के पास अब चुनावी मुद्दे नहीं बचे हैं।

ये भी कहा-
- बांस के दरख्त की तरह है कांग्रेस जो ऊंची तो बहुत है, लेकिन अंदर से पोली है
- गन्ने की तरह है भाजपा, जो कम समय में बड़ी हो गई है और काफी मीठी भी है
- दिल्ली में चार हजार सिखों का कत्ल होने पर एक एफआईआर भी नहीं कटी
- बड़ी-बड़ी लड़ाइयों के दौरान भी नहीं होती इतनी मुद्रास्फीति और मंदी
- आम आदमी के मुंह पर महंगाई का थप्पड़ साबित हुआ कांग्रेस का हाथ





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: