|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. जिले के 13 विधानसभा क्षेत्रों की 3,271 ईवीएम मशीनों को आर्किटेक्चर भवन के भीतर रखवाकर सील कर दिया गया। इस भवन की सुरक्षा सीएएफ के हाथों में है, जबकि एनआईटी परिसर में जिले की पुलिस तैनात कर दी गई।
जिलों से मतदान दलों की वापसी का सिलसिला गुरुवार को सारी रात से लेकर शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक चलता रहा। बिलाईगढ़, गरियाबंद और देवभोग जैसे इलाकों के मतदान केंद्रों के दल आखिरी में पहुंचे। इस वजह से एनआईटी कैंपस रातभर आबाद रहा। सैकड़ों पीठासीन अधिकारी सुबह तक लाइन लगाए रहे।
छिटपुट सामग्री इधर-उधर होने की शिकायतें भी थीं, लेकिन अंत में सारा हिसाब-किताब बराबर हो गया। जिला निर्वाचन कार्यालय ने एनआईटी के दर्जनभर कमरों को स्ट्रांग रूम में तब्दील कर दिया है। मशीनें सील करने के बाद क्रमवार जमाई गई हैं। इन्हें विधानसभा क्षेत्रों के हिसाब से रखा गया है। स्ट्रांग रूम के कड़ी सुरक्षा की जिम्मेदारी सीएएफ की एक कंपनी को सौंपी गई है। कैंपस के बाहर जिला पुलिस बल की फोर्स तैनात होगी। पुलिस लाइन के आरआई ने इसके लिए अतिरिक्त बल की व्यवस्था की है। सरस्वतीनगर पुलिस को बिल्डिंग के आसपास नियमित रूप से पेट्रोलिंग का आदेश दिया गया है।
उम्मीदवार जा सकेंगे : चुनाव आयोग ने पहली बार ईवीएम स्ट्रांग रूम में प्रत्यार्शियों को अवलोकन की अनुमति प्रदान की है। कोई भी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों को अगर ईवीएम की सुरक्षा पर शंका होती है, तो वे विशेष अनुमति लेकर स्ट्रांग रूम में अपने ईवीएम की जांच कर सकते हैं। यह व्यवस्था रायपुर समेत राज्य के सभी जिलों के मुख्यालयों के लिए होगी। हालांकि अभी किसी प्रत्याशी ने इस तरह की अनुमति के लिए आवेदन नहीं दिया है।
आसपास फटकना मना : एनआईटी कैंपस में कालेज छात्र या किसी के भी घुसने पर मनाही नहीं होगी, लेकिन अगर सुरक्षा जवानों को किसी पर भी शक हुआ तो वे पूछताछ या जांच कर सकते हैं। आर्किटेक्चर बिल्डिंग के पीछे हास्टल की ओर भी पेट्रोलिंग की होगी। इसके अलावा सरस्वतीनगर रेलवे स्टेशन और एनआईटी कैंपस में भी सुरक्षा जवान गश्त करेंगे।
कैंपस में वाहन प्रतिबंधित : एनआईटी कैंपस में आटो-रिक्शे, मिनीडोर और बसों के घुसने पर बैन लगा दिया गया है। कैंपस के भीतर रेलवे स्टेशन के रास्ते पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके लिए भी फोर्स तैनात की गई है। अफसरों का कहना है कि सुरक्षा कारणों से अगर जरूरत पड़ती है तो स्टेशन का रास्ता भी बंद किया जा सकता है।