Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

अब मप्र, राजस्थान कूच

रायपुर. पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए छत्तीसगढ़ से मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, राजस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल समेत कई मंत्री व भाजपा पदाधिकारी वहां जाएंगे।

भाजपा संगठन सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री को पांचों राज्यों से प्रचार करने न्यौता मिला है। मध्यप्रदेश व राजस्थान में भाजपा की सरकार है। यहां छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं की भारी पूछ परख है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा ने डा. रमन सिंह और बृजमोहन अग्रवाल से फोन पर चर्चा भी करते हुए प्रचार के लिए आने का आग्रह किया है। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में 27 नवंबर को चुनाव होना है। शिवराज सिंह श्री अग्रवाल के करीबी मित्रों में से एक हैं। वहीं सुंदरलाल पटवा उनके राजनीतिक गुरु हैं।

सूत्रों के मुताबिक श्री अग्रवाल शनिवार को ही मध्यप्रदेश जाने की तैयारी में हैं। वे वहां करीब एक दर्जन स्थानों पर चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। डा. रमन सिंह का भी मध्यप्रदेश व दिल्ली का दौरा तय हो रहा है। इसके बाद वे दिल्ली और जम्मू - कश्मीर भी जाएंगे। दिल्ली में 28 नवंबर और राजस्थान में चार दिसंबर को चुनाव होना है। प्रदेश भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए अपने नेताओं की सूची तैयार कर ली है। सूची में विष्णुदेव साय, नंदकुमार साय, राजेश मूणत, करूणा शुक्ला, दिलीप सिंह जूदेव समेत कई नाम हैं। चुनाव प्रचार वाले राज्यों में संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी।

जोगी और वीसी भी
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक अजीत जोगी, विद्याचरण शुक्ल, सत्यनारायण शर्मा, धनेन्द्र साहू, उदय मुदलियार समेत कई नेता विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रचार करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने फिलहाल मध्यप्रदेश में डेरा डालने का मन बनाया है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने यहां के नेताओं को प्रचार के लिए बुलवाया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन नेताओं को निमंत्रण भी भेजा है। सांसद देवव्रत सिंह भी मध्यप्रदेश का दौरा करेंगे। श्री जोगी और श्री शुक्ल के समर्थक मध्यप्रदेश में हैं। इसके अलावा दिग्जिवय सिंह और सुरेश पचौरी जैसे नेताओं के कई समर्थक छत्तीसगढ़ में भी हैं और हर चुनाव में वे मध्यप्रदेश जाते रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: