|
बैंगलोर.
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और बीसीसीआई चयनकर्ताओं के बीच उठे विवाद को धोनी ने एकदम निराधार बताया है और कहा कि इस तरह की खबर से टीम के मनोबल पर असर पड़ता है। उन्होने कहा कि इस तरह की कोई भी बातचीत हमारे और चयनकर्ताओं के बीच नहीं हुई है और ना ही मैंने इस्तीफे की बात कही है।
धोनी ने बैंगलोर में एक प्रेस कांफ्रेस करते हुए, चयनकर्ताओं के बीच किसी प्रकार के विवाद को निराधार बताया और कहा कि हमारे आपस के संबंध बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा भारतीय क्रिकेट टीम में पूरी एकता है और इस तरह की निराधार बातों से टीम में जीत का जो हौंसला बना हुआ वह प्रभावित हो सकता है। इरफान पठान के चयन पर उन्होंने कहा, आर.पी. सिंह और पठान दोनों ही अच्छे खिलाड़ी हैं।
पत्रकारों को संबोंधित करते हुए धोनी ने कहा हमारा ध्यान सिर्फ अगले मैच पर है लेकिन यह खबर कहां से आई इस बात की जानकारी मुझे जरा सी भी नहीं है। खबर जहां से भी आई वह एकदम निराधार और बेबुनियाद है।
गौरतलब है कि सुबह एक खबर आई थी कि कानपुर में चौथे वन-डे मैच के बाद भारतीय चयनकर्ताओं ने शेष मैचों के लिए आर.पी. सिंह की जगह इरफान पठान को शामिल किया है, जिससे धोनी काफी नाराज हो गए और अपने पद से इस्तीफे की पेशकश भी कर दी।
हांलाकि इस खबर की पुष्टि के लिए कि यह किस अखबार में और कैसे छापी गई इसकी पूरी जानकारी बीसीसीआई बड़ी गहनता से छानबीन करवा रही है।