|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. राज्य निर्वाचन आयोग ने 80 फीसदी या उससे अधिक मतदान वाले मतदान केंद्रों की जानकारी मंगाई है। इन केंद्रों मे फर्जी मतदान की आशंका के मद्देनजर कलेक्टर से कहा गया है कि वे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व प्रत्याशियों की बैठक बुलाकर समीक्षा करें कि अधिक मतदान वाले केंद्रों में पुनर्मतदान की जरूरत तो नहीं। यदि प्रत्याशियों द्वारा आपत्ति जताई जाती है तो पुनर्मतदान कराया जा सकता है।
निर्वाचन आयोग के संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गौरव द्विवेदी ने आज एक पत्र लिखकर शून्य मतदान व 80 फीसदी या उससे अधिक मतदान वाले मतदान केंद्रों की स्क्रूटनी कर रिपोर्ट मांगी है। ऐसे मतदान केंद्रों के संबंध में प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों की बैठक बुलाकर समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह स्पष्ट करने के लिए कहा गया है कि इन मतदान केंद्रों में फर्जी मतदान की आशंका है या नहीं? यदि मतदान या अपराध संबंधी कोई शिकायत सही पाई जाती है और प्रत्याशियों को आपत्ति है तो यहां पुनर्मतदान कराया जा सकता है। आयोग के निर्देश के बाद जिला निर्वाचन शाखा ने ऐसे मतदान केंद्रों की सूची बनाई है, जहां 80 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई है।
मस्तूरी विधानसभा की हुई स्क्रूटनी
आयोग के इस निर्देश के बाद बूथवार मतदान की जानकारी ली गई। पीठासीन अधिकारियों की डायरी, मतदाता रजिस्टर और मतपत्र लेखा को देखकर मिलान किया गया। शाम को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह ने इस संबंध में रिटर्निग अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में आयोग के दिशा निर्देश व मांगी गई जानकारी के संबंध में कलेक्टर ने आवश्यक निर्देश दिए।
आयोग द्वारा मांगी गई जानकारी के मुताबिक रिपोर्ट बनाकर भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद विधानसभावार मतदान की स्क्रूटनी आज से शुरू कर दी गई। पहली बैठक मस्तूरी विधानसभा की हुई, जिसमे रिटर्निग आफिसर धनंजय देवांगन, निर्वाचन प्रेक्षक व प्रत्याशियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मस्तूरी विधानसभा के 16 मतदान केंद्रों में 80 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई है, जिनमें ग्राम कन्नई, बहतरा, मचहा, गोबरी, हरदी, आमाकोनी, मचखंडा, बहतरा, आमगांव, खांडा, सीपत, खोंधरा, झलमला, भिलाई, कौवाताल, भटचौरा शामिल हैं। अधिक मतदान पर कोई आपत्ति न आने के कारण पुनर्मतदान के संबंध में कोई निर्णय नहीं बना। आयोग को यह रिपोर्ट भेज दी गई है। इसी तरह अन्य 8 विधानसभाओं की स्क्रूटनी भी शनिवार से की जाएगी।