Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

तिहरा हत्याकांड, 4 गिरफ्तार

बिलासपुर. चमारी तिहरा हत्याकांड में शामिल एक ही परिवार के चार सदस्यों को शुक्रवार को मुंगेली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कल अदालत में पेश किया जाएगा।

मुंगेली अंतर्गत चमारी में गुरुवार की दोपहर 60 वर्षीय लैनदास सतनामी, उसके बेटे मोती (45) व बहू यशोदा (40) की चचेरे भाई हरिप्रसाद सतनामी व उसके घरवालों ने तलवार, सब्बल व लाठी से वार कर हत्या कर दी थी। इसके बाद उन्होंने मकान में आग लगा दी थी।

वारदात के बाद पुलिस सरगर्मी से आरोपियों की तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर कल रात हरिप्रसाद को घर से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद आज सुबह हरिप्रसाद की पत्नी फांसबाई और बेटों सुरेश व राजू को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तलवार, सब्बल व लाठी जब्त कर ली गई है। उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कल उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। आग में झुलसे लैनदास के पोते गोलू (20) व पोती (13) को सिम्स में भर्ती कराया गया था। यहां उनका उपचार किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि आरोपी हरिप्रसाद व मृतक लैनदास चचेरे भाई हैं। दोनों लवसिंह हत्याकांड में शामिल थे।

हाईकोर्ट से जमानत पर रिहा होने के बाद उन्होंने गांव के मालगुजार से जमीन खरीदी थी। हरियाणा के कृषकों से उन्होंने जमीन का सौदा कर लिया था, जिसमें उन्हें 1.35 करोड़ रुपए मुनाफा होना था। इसके बंटवारे को लेकर ही उनके बीच विवाद पनपा। इसके चलते ही कल दोपहर हरिप्रसाद व उसके घरवालों ने लैनदास व उसके बेटे-बहू की हत्या कर घर में आग लगा दी। किसी तरह लैनदास की पोती मनीषा मतदान केंद्र पहुंची और वहां अधिकारियों को सूचना दी।

गांव में पसरा सन्नाटा
कल की घटना के बाद चमारी में अब तक सन्नाटा पसरा हुआ है। दहशत के कारण अधिकांश गांववाले घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में आज मृतकों का अंतिम संस्कार कराया गया। पेट्रोलिंग पार्टी को भी गश्त के निर्देश दिए गए हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: