|
नई दिल्ली. पश्चिमी विक्षोभों ने उत्तर भारत के मैदानी हिस्सों पर असर डालना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को पारे में जहां 2.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, वहीं पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे जा पहुंचा।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी जारी रहने से पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्से कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं। उधर, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में श्रीलंका के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पुड्डुचेरी, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश के तटवर्ती हिस्सों में जोरदार बारिश हो रही है। कन्याकुमारी जिले के नागरकोइल में भारी वर्षा को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर चले जाने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे में इन क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी है। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश और जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
कोहरा छाने की संभावना : मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब व हरियाणा के बड़े हिस्से में अगले कुछ दिनों में ठंड के जोर पकड़ने और कोहरा छाने की संभावना व्यक्त की है। पंजाब के लुधियाना और पटियाला में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। चंडीगढ़ में रात का तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा का सबसे ठंडा शहर नारनौल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा।