Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosIndore Indore

मप्र फिर पारी के अंतर से जीता

इंदौर. संजय पांडे (50 रन पर 4 विकेट) और योगेश गोलवलकर (34 रन पर 3 विकेट) की उम्दा गेंदबाजी और नमन ओझा के शतकीय आकर्षण के बीच मेजबान मध्यप्रदेश ने रणजी प्लेट समूह बी के अहम मुकाबले में असम को एक पारी और 59 रनों से तीसरे दिन ही पटकनी देकर एलीट समूह में शामिल होने के अपने दावे को मजबूत किया। इस जीत से म.प्र. को बोनस समेत 6 अंक हासिल हुए। अब म.प्र. अपने तीन मैचों में 15 अंक अर्जित कर पूल में शीर्ष पर बना हुआ है। म.प्र. की अगली भिड़ंत सर्विसेस के साथ दिल्ली में 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक होगी।

एमरल्ड मैदान रास आया मप्र को

एमरल्ड हाइट्स स्कूल का आम्रकूट मैदान म.प्र. टीम को बहुत रास आया है। मेजबान टीम ने एमरल्ड स्कूल के इस मैदान पर दो बड़ी जीत हासिल की है। प्लेट समूह के पहले मैच में म.प्र. ने विदर्भ को 10 विकेट से पटकनी दी थी और बोनस के साथ 6 अंक हासिल किए थे। ग्वालियर में दूसरे मैच में म.प्र. ने प. बंगाल के खिलाफ पहली पारी में बढ़त लेकर 3 अंक लिए और आज फिर एमरल्ड पर पारी के अंतर से जीत दर्ज कर 6 अंक हासिल किए।

पांडे-गोलवलकर जिता ले गए236 रनों की बढ़त के बोझ को लेकर उतरी असम टीम ने कल दूसरे दिन 67 रनों और 2 विकेट गंवा दिए थे। ये दोनों विकेट धोलपुरे और जलज सक्सेना ने आपस में बांटे। शनिवार को तीसरे दिन पारी में 4 रन जुड़ते शिबशंकर राय (29) को संजय पांडे ने नमन ओझा को हाथों में पहुंचाकर म.प्र. की जीत का बिगुल बजा दिया। सात रन और जुड़ते रश्मिरंजन परीदा (2) शांतनु पित्रे के शिकार हुए। परीदा को भी नमन ने लपका।

इसके बाद जैकब मार्टिन (49) और स्वरुपम (39) ने छठे विकेट के लिए 83 रन जोड़कर मेजबान खेमे को सचेत किया लेकिन स्वरुपम को पांडे और धीरज गोस्वामी (2) और कुणाल सैकिया (0) को गोलवलकर ने चलता कर खुशी की लहर दौड़ा दी। फिर अर्धशतक के करीब पहुंचे मार्टिन को पांडे ने नमन के हाथों में पहुंचाकर म.प्र. की एक और बड़ी जीत को सुनिश्चित कर दिया। आनंद कट्टी (4) को गोलवलकर और रणजीत माली (0) को पांडे ने अपना शिकार बनाकर असम की पारी को 177 रनों पर लॉक कर दिया। और म.प्र. को एक पारी और 59 रनों से जीत दिला दी। इस जीत से म.प्र. को बोनस अंक के साथ 6 अंक मिले। अब पूल में उसके कुल 15 अंक हो गए है।

नमन ने लपके 9 कैच
मैच में शतक बनाने वाले म.प्र. के विकेटकीपर नमन ओझा ने विकेट के पीछे शानदार प्रदर्शन किया और पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 4 कैच पकड़कर मैच में कुल 9 कैच लपके।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: