|
बेंगलूर. कप्तान धोनी ने स्पष्ट कर दिया है कि चौथे वनडे में वीरेंद्र सहवाग के साथ सचिन तेंडुलकर भारतीय पारी की शुरुआत करेंगे। मैच की पूर्व संध्या पर माही ने कहा कि मैं चाहता हूं कि इस मैच में सचिन और सहवाग पारी की शुरुआत करें। सचिन को टीम में देखना हमेशा सुखद रहता है।
उन्हें कुछ विश्राम चाहिए था, इसलिए वे पहले तीन वनडे में नहीं खेले थे। सचिन को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट सीरीज के बाद आराम की दरकार थी, इसलिए उन्हें टीम में नहीं लिया गया। सचिन से न केवल पूरी टीम को प्रेरणा मिलती है, बल्कि खिलाड़ी भी व्यक्तिगत तौर पर उनके खेल को देखकर कुछ न कुछ सीखते हैं और अपने खेल में सुधार करते हैं।
उनका इस्तेमाल पार्टटाइम गेंदबाज के रूप में भी किया जा सकता है। युवराज, यूसुफ पठान और सहवाग अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। सुरेश रैना भी गेंदबाजी कर सकते हैं और जब हमें सचिन की गेंदबाज के रूप में जरूरत होगी तो उनका भी इस्तेमाल करेंगे।