|
भोपाल. लोकायुक्त ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अखंड प्रताप सिंह के खिलाफ हुई शिकायत की जांच को लेकर विभाग से रिकार्ड मांगा है। इसके लिए 24 नवंबर तक का समय दिया है।
सूत्रों के अनुसार श्री सिंह के खिलाफ शिकायत की जांच के लिए खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव से 23 अक्टूबर तक रिकार्ड मांगा था, लेकिन प्रमुख सचिव ने आधा-अधूरा रिकार्ड भेजा। इसमें मंत्री कार्यालय और संचालक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के यहां का रिकार्ड लोकायुक्त संगठन नहीं भेजा गया। लोकायुक्त रिपुसूदन दयाल ने प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को 24 नवंबर तक रिकार्ड भेजने को कहा है।
क्या है मामला
श्री सिंह के खिलाफ 18 सितंबर 08 को कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने तीन बिंदुओं की शिकायत की थी। इसमें आरोप लगाया है कि भोपाल की करुणा ट्रेडिंग कंपनी के पेट्रोल पंप में मिलावटी डीजल और कम तौल की शिकायत पर कलेक्टर द्वारा निरस्त लायसेंस को संभागायुक्त, कोर्ट ने यथावत रखा मगर मंत्री ने बहाल कर दिया।
राजगढ़ जिले के केरोसिन डीलर प्रसाद आयल एजेंसी को 12 किलो लीटर केरोसीन की अफरा-तफरी की शिकायत पर कलेक्टर ने लायसेंस निरस्त करने का नोटिस दिया मगर मंत्री ने डीलर के आवेदन पर कलेक्टर की कार्रवाई को स्थगित करा दिया। इसी तरह सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों को सहकारी समितियों के स्थान पर पंचायतों को दे दिए जाने की शिकायत की गई।