|
भोपाल. अहमदाबाद श्रंखलाबद्ध बम धमाकों सहित देशभर में कई विस्फोट की घटनाओं के संदिग्ध आरोपी कयामुद्दीन उर्फ मूसा को उज्जैन की अदालत ने शनिवार को एक दिसंबर तक के पुलिस रिमांड पर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। मूसा को लेने गुजरात पुलिस भी आई थी, लेकिन दिल्ली पुलिस उसे ले जाने में सफल हो गई।
मप्र पुलिस ने पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद मूसा को उज्जैन के प्रथम श्रेणी न्यायाधीश विष्णु कुमार सोनी की अदालत में पेश किया था। अदालत में दिल्ली स्पेशल सेल के डीएसपी सज्जनसिंह यादव और गुजरात के अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के एसपी आरवी अंसारी ने उसे ले जाने के लिए आवेदन पेश किए थे।
गुजरात पुलिस ने अदालत को मूसा की 13 मामलों की केस डायरी पेश करते हुए जरूरत बताई, तो दिल्ली पुलिस ने एक मामले में उसे ले जाने की आवश्यकता बताई थी। दिल्ली पुलिस का तर्क था कि गुजरात पुलिस को 13 प्रकरणों में पूछताछ करना है, जिसमें लंबा समय लग सकता है। और उन्हें केवल एक मामले में मूसा से पूछताछ करना है, जिसमें कम समय लगेगा।
अदालत ने दोनों राज्यों की पुलिस के तर्को को सुनने के बाद मूसा को दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। गौरतलब है कि मूसा की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ के लिए गुजरात सहित राजस्थान, कर्नाटक, केरल पुलिस भोपाल आई थीं, मगर दिल्ली पुलिस तब नहीं आई थी।