Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosIndore Indore

‘आरटीओ में बम.. खाली करो’

इंदौर. ‘आरटीओ में बम है, ऑफिस खाली कर दो..’। केसरबाग के परिवहन विभाग में शनिवार को फोन पर किसी व्यक्ति ने यह कहकर सनसनी फैला दी। ताबड़तोड़ कर्मचारी काम छोड़ सड़क पर आ गए, कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी। पूरा दफ्तर खाली करवाया गया। पुलिस व बम निरोधक दस्ते ने चेकिंग की लेकिन कुछ नहीं मिला। कुछ दूर दशहरा मैदान पर राहुल गांधी की सभा भी थी।

शनिवार दोपहर 12.15 बजे आरटीओ के फोन नं. 2363151 पर एक गुमनाम फोन आया जिसे आरटीओ के पीए आर.डी. माहौर ने उठाया। उस व्यक्ति ने आरटीओ में बम होने की बात कहकर फोन काट दिया। श्री माहौर ने तुरंत लेखापाल आर.डी. केतकर, एआरटीओ एच.आर. रोहित व एआरटीओ ओंकार पाल को बताया।

फिर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। यह बात फैलते ही कर्मचारियों व लोगों में हड़कंप मच गया। आरटीओ दिनेशकुमार जैन कलेक्टोरेट मीटिंग में व ऑफिस अधीक्षक चंद्रशेखर धुलधोए भी चुनाव ड्यूटी में थे, सूचना मिलते ही वे दफ्तर पहुंचे। मौके पर पहुंचे अन्नपूर्णा टीआई एस.पी. दुबे ने जांच की। बाद में बम निरोधक दस्ते के खालिद मुश्ताक की टीम ने हर कक्ष की चेकिंग की लेकिन कुछ नहीं मिला। दोपहर ढाई बजे सब कुछ सामान्य हो गया।

दबी जुबां से बोली बात : श्री माहौर ने कहा आरटीओ में जिस व्यक्ति का फोन आया था उसने बात दबी जुबां से बोली.. मैं कुछ कह पाता कि फोन कट गया। आरटीओ श्री जैन ने बम की अफवाह के बाद आईडी कॉलर लगवाने की बात कही। श्री धुलधोए ने दोपहर 12 से लेकर 12.30 बजे तक के फोन की डिटेल निकलवाने को कहा।

45 मिनट बाद आया बम निरोधक दस्ता : करीब 45 मिनट देरी से बम निरोधक दस्ता पहुंचा। दशहरा मैदान पर राहुल गांधी की आमसभा होने वाली थी, बम निरोधक दस्ते के अधिकारी वहां चेकिंग कर रहे थे।

दो दिन पहले आग, अब बम की अफवाह : केसरबाग आरटीओ में 20 नवंबर को तलघर में आग लग गई थी। उस समय भी दोनों ओर इंट्री गेट बंद होने से फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में काफी दिक्कतें हुई थीं। शनिवार को बम की अफवाह से लोग परेशान हुए। चर्चा है कि किसी कर्मचारी या एजेंट ने ही शरारत की है। हालांकि आरटीओ ने इस बारे में कुछ नहीं कहा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: