|
भोपाल. चुनावी घोषणा पत्र में सरकारी इमारतों और संसाधनों का इस्तेमाल भाजपा के लिए संकट बन गया है। चुनाव आयोग ने कांग्रेस की शिकायत पर सख्त कार्रवाई करते हुए भाजपा को 24 नवंबर तक घोषणा पत्र में से सरकारी प्रतीक चिह्न् हटाने और आचार संहिता के उल्लंघन पर 25 नवंबर की सुबह तक लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर आयोग कड़ी कार्रवाई कर सकता है, जिसमें पार्टी की मान्यता खत्म करने और चुनाव चिह्न् जब्त करने जैसे प्रावधान भी शामिल हैं।
भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र ‘जन संकल्प 2008’ में सरकारी प्रतीकों और संसाधनों का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजीव सिंह ने की थी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जेएस माथुर ने दैनिक भास्कर को बताया कि आयोग ने शनिवार को देर शाम नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय को दिए नोटिस में पार्टी से 24 नवंबर तक घोषणा पत्र में से वे सभी चीजें हटाने को कहा है जो आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आती हैं। पार्टी महासचिव से 25 नवंबर की सुबह 11 बजे तक यह लिखित जानकारी मांगी है। इसमें पूछा है कि पार्टी ने घोषणा पत्र में सरकारी इमारतों और पुलिस अफसरों के फोटो आदि का इस्तेमाल क्यों किया?