|
News
International International वाशिंगटन.
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति पद तक तो नहीं पहुंच पाईं लेकिन अब वे विदेश मंत्रालय संभालने जा रही हैं। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें विदेशमंत्री बनने के लिए पेशकश की जिसे हिलेरी ने स्वीकार कर लिया है।
वे इस बार अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से अग्रणी उम्मीदवार भी रहीं लेकिन बराक ओबामा को कड़ी टक्कर देने के बाद उन्होंने अपनी दावेदारी छोड़ दी। वर्तमान में न्यूयॉर्क की सीनेटर हिलेरी 8 वर्ष तक अमेरिका की प्रथम महिला रहीं। कॉलेज की पढ़ाई के दौरान वे एक छात्र नेता के रूप में भी पहचानी जाती थीं। कॉलेज में एक बार विवादास्पद भाषण देने के बाद वे राष्ट्रीय स्तर पर सुखिर्यो में आ गई।
13 साल की उम्र से राजनीति
स्कूल में हिलेरी अपने शिक्षकों के प्रिय छात्रों में से एक थीं। पढा़ई में हमेशा आगे रहने के साथ वे स्कूल में होने वाली खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रहा करती थीं। वे तैराकी, बेसबॉल के साथ कई खेलों में भाग लेती रहीं और उन्होंने कई पदक भी जीते। जब वे हाई स्कूल में थीं तो उन्हें नेशनल ऑनर सोसायटी के लिए चुना गया। हिलेरी के पिता होग एल्सवॉर्थ रोडहम एक छोटी टेक्सटाइल इंडस्ट्री चलाते थे।
उनकी मां चाहती थीं कि वे अपने प्रोफेशनल करियर के रास्ते पर आगे बढ़े लेकिन उनके पिता चाहते थे कि वे साबित करें कि योग्यता के सामने लड़की या लड़का होना मायने नहीं रखता है। 13 साल की उम्र में पहली बार वे राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ीं। हिलेरी ने शिकागो में राष्ट्रपति चुनाव में प्रचार में भाग लिया। वे रिपब्लिकन उम्मीदवार बेरी गोल्डवॉटर के पक्ष में प्रचार कर रही थीं। इस दौरान वे स्कूल में थीं और उनके एक इतिहास के शिक्षक ने उनके राजनीतिक करियर के निर्माण में सहायता की। उनके शिक्षक ने ही उन्हें नागरिक अधिकार नेता मार्टिन लूथर जूनियर से मिलवाया। अमेरिका के प्रभावशाली वकीलों में शुमार अमेरिका के शिकागो में जन्मी हिलेरी क्लिंटन ने वेलेस्ले यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में मास्टर्स की पढ़ाई की। फिर येल स्कूल ऑफ लॉ से स्नातक की डिग्री हासिल की और एक वकील के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। दो बार उन्हें अमेरिका के सौ सर्वाधिक प्रभावशाली वकीलों में भी स्थान मिला।
कॉलेज में हुई थी बिल क्लिंटन से मुलाकात
कॉलेज की पढ़ाई के दौरान हिलेरी वेलेस्ले यूथ रिपब्लिकन की अध्यक्ष रहीं। येल लॉ स्कूल में उन्हें येल लॉ रिवाइव और सोशल एक्शन के बोर्ड ऑफ एडीटर्स में शामिल किया गया। यहीं उनकी मुलाकात बिल क्लिंटन से हुई। क्लिंटन भी इसी कॉलेज में पढ़ते थे। कॉलेज की छुट्टियों के दौरान हिलेरी कैलिफोर्निया में बच्चों की कैद से जुड़े मुकदमों को सुलझाने लगीं। बिल क्लिंटन ने उनके साथ रहने के लिए अपने समर प्लान को रद्द कर दिया और दोनो कैलिफोर्निया में साथ रहने लगे।
येल लॉ स्कूल से डिग्री हासिल करने के बाद दोनों ने एक साथ डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जॉर्ज मेक गोवर्न के लिए प्रचार भी किया। आगे चलकर दोनों एक साथ अरकंसास यूनिवर्सिटी में पढ़ाने लगे। कुछ वर्ष साथ में काम करने के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। 1975 में उन्होंने विवाह कर लिया। उनकी 28 वर्षीय एक बेटी चेल्सी भी है। 1993 में बिल क्लिंटन राष्ट्रपति बने और वे अमेरिका की प्रथम महिला बन गईं। 2000 में उन्होंने सीनेटर का चुनाव जीता और न्यूयॉर्क के प्रतिनिधि के रूप में सीनेट में पहुंचीं।
परिवार और काम के बीच तालमेल
हिलेरी ने 12 वर्ष तक अरकंसास की प्रथम महिला के रूप में कार्य किया। इस दौरान वे अपने कानूनी पेशे, नागरिक सेवा और परिवार तीनों में बेहतर तालमेल बनाकर चलती रहीं। आगे चलकर वे अरकंसास की एजुकेशनल स्टैंडर्ड कमेटी की प्रमुख के पद पर भी रहीं। उन्होंने यहां एडवोकेट्स नाम की एक संस्था की स्थापना की जो बच्चों और परिवार के लिए कानूनी लड़ाई लड़ती है। साथ ही वे यहां के चिल्ड्रन हॉस्पिटल के बोर्ड में भी शामिल रहीं। उन्होंने नेशनल हेल्थ केयर रिफॉर्म की टॉस्क फोर्स के प्रमुख का दायित्व भी निभाया। देश की प्रथम महिला बनने के बाद भी हिलेरी ने अपने परिवार और अपने कार्यो के बीच तालमेल बनाए रखा।