Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

कांग्रेस के आरोप-पत्र को भाजपा ने नकारा

जयपुर. कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को जारी किए आरोप-पत्र को भाजपा ने खारिज करते हुए झूठ का पुलिंदा और आचार संहिता का उल्लंघन बताया। पार्टी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस इस समय विश्वामित्र की भूमिका में है।

कांग्रेस को यह तक जानकारी नहीं है कि चुनाव के दौरान जो भी सामग्री प्रकाशित होती है, उस पर मुद्रक और प्रकाशक का नाम अंकित होना अनिवार्य है, जबकि कांग्रेसी आरोप-पत्र पर ऐसा अंकित नहीं है। चुनाव आयोग को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को पत्रकारों से कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पांच साल के कुशासन को कभी नहीं भूलेगा राजस्थान। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आरोप-पत्र तब सही माना जा सकता था जब कांग्रेस उसमें विकास कार्र्यो की भी तुलना करती।

राजभवन पर निशाना : जावड़ेकर ने आरक्षण विधेयक को लेकर राजभवन पर भी निशाना साधने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब चाहती है तो संवैधानिक मशीनरी से काम करा लेती है। इसके लिए राष्ट्रपति को भी रात को 12 बजे जगा लिया जाता है। राजस्थान में जब सभी वर्गो के गरीबों को आरक्षण देने का सवाल आया तो कांग्रेस ने षड्यंत्र करके विधेयक को मंजूर नहीं होने दिया।

कांग्रेस करवा ले सीबीआई जांच : मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर आक्षेप लगाने वाली कथित पुस्तक बंटने के मामले की सीबीआई जांच कराने के मामले पर जावड़ेकर ने कहा कि सीबीआई कांग्रेसनीत केन्द्र सरकार के हाथ में है। वह जांच करवा लें। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री की छवि बिगाड़ने वाली पुस्तक बंटने के मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की थी।

विधायक दल का नेता तो चुनेंगे : जावड़ेकर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा ने भले ही वसुंधरा राजे को भावी मुख्यमंत्री के रूप में पेश किया है, लेकिन चुनकर आने वाले सभी विधायक बैठक में अपना नेता तो चुनेंगे ही। यह संवैधानिक प्रक्रिया है और पार्टी इसका पालन करेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: