Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

परनामी और आजाद के समर्थक भिड़े

जयपुर. आदर्श नगर स्थित दशहरा मैदान में भास्कर टीवी की ओर से आयोजित ‘फेस-टू-फेस’ कार्यक्रम में शनिवार को हिंगोनिया गोशाला के सवाल पर आदर्शनगर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक परनामी और कांग्रेस प्रत्याशी माहिर आजाद के समर्थक उलझ गए। देखते ही देखते मंचासीन दोनों प्रत्याशियों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिए। इसके बाद दोनों के समर्थकों ने मंच पर चढ़ना शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ते देख कार्यक्रम को बीच में ही बंद करना पड़ा।

कार्यक्रम की शुरुआत में ही दोनों प्रत्याशियों ने एक-दूसरे की पार्टी सहित व्यक्तिगत आरोप लगाना शुरू कर दिया। परनामी ने आजाद को जहां बाहरी प्रत्याशी होने की बात कही, तो आजाद ने क्षेत्र की समस्याएं बताकर उन पर आरोप लगाए। इसके बाद कांग्रेसी प्रत्याशी ने भाजपा शासन में जमीनों की धांधली, कच्ची बस्तियों का नियमन और पानी की समस्याओं पर घेरा तो परनामी ने भाजपा शासन की खूबियों, विकास के बूते जयपुर को एशिया के 7 खूबसूरत शहरों में शुमार करने, बीसलपुर परियोजना से पानी लाने और इससे पहले कांग्रेसी शासन में विकास के बंद दरवाजों का हवाला दिया।

इस पर दोनों के समर्थकों ने नारेबाजी कर माहौल को गर्म कर दिया। जब एक कांग्रेसी समर्थक ने हिंगोनिया गोशाला में गायों के मुद्दे पर परनामी से सवाल किया तो माहिर आजाद सहित सभी ने इस पर नारेबाजी शुरू कर दी। इससे पहले कि परनामी कुछ बोल पाते कुछ समर्थक आपस में उलझ गए और धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद समर्थक मंच पर चढ़ने लगे और फिर बीच में ही कार्यक्रम बंद करना पड़ा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: