|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
किसी के लिए नववर्ष की इससे बेहतर शुरुआत क्या हो सकती है! ‘जन्नत’ फिल्म से इंडस्ट्री में कदम रखने वाली सोनल चौहान जनवरी में अंतरराष्ट्रीय रॉक स्टार ब्रायन एडम्स के साथ स्टेज पर परफार्म करती नजर आएंगी।
इ स वर्ष इंडस्ट्री में पदापर्ण करने वाले न्यूकमर्स में जिन लोगों ने अपनी पहचान बनाने में सफलता हासिल की, उनमें से एक हैं लंबी और छरहरी अभिनेत्री सोनल चौहान। मुकेश भट्ट की फिल्म ‘जन्नत’ में इमरान हाशमी के साथ आई सोनल अपनी मासूमियत के बलबूते दर्शकों को लुभाने में कामयाब रहीं।
फिल्म हिट रही, लेकिन सोनल उसके बाद परिदृश्य से गायब हो गईं। अब सोनल फिर धमाकेदार खबर के साथ हाजिर हैं। वह अगले वर्ष जनवरी में ब्रायन एडम्स के साथ परफार्म करती नजर आएंगी। ऐसा पहली बार हो रहा है कि कोई बॉलीवुड अभिनेत्री किसी अंतरराष्ट्रीय रॉक स्टार के साथ स्टेज पर परफार्म करती नजर आएगी। बताते हैं कि इस कार्यक्रम का आयोजन एक प्रतिष्ठित आभूषण निर्माता कंपनी कर रही है।
इससे सोनल बेहद जोश में हैं, क्योंकि ब्रायन एडम्स के प्रशंसक दुनिया भर में हैं और उनके साथ परफार्म करने का सीधा अर्थ है अपने कद को बढ़ाना। इस तरह सोनल के लिए आने वाला वर्ष शुरुआत से ही सकारात्मक नोट के साथ आएगा। यह भी कह सकते हैं कि भले ही सोनल को ब्रायन के हिट गीत ‘समर ऑफ 69’ की याद न हो, लेकिन उनके लिए ‘विंटर ऑफ 2009’ न भुला पाने वाला अनुभव होगा।