|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान प्रत्याशियों की मिले वोटों की जानकारी नेट पर सीधे मिल सकेगी। आयोग ने अपडेट नतीजे सीधे अपनी साइट पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। चक्रवार ब्योरा नेट पर फीड करने के लिए अलग साफ्टवेयर बनाया गया है।
ये पहला मौका होगा, जब नतीजे नेट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए साफ्टवेयर का परीक्षण चल रहा है। रायपुर जिले की 13 सीटों के मतगणनास्थल यानी एनआईटी में इसके लिए अलग विंग बनाई गई है। यह विंग हर काउंटिंग टेबल से जुड़ी रहेगी। मतगणना के दिन विधानसभा वार अलग-अलग कंप्यूटर आपरेटरों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
ऐसा सिस्टम बनाया जा रहा है कि हर चक्र समाप्त होते ही ताजा आंकड़े आपरेटरों को प्राप्त हो जाएंगे। उन्हें फौरन डाउनलोड कर दिया जाएगा। इस सिस्टम के जरिये नेट से जुड़े लोग थोड़ी-थोड़ी देर में ताजा जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। जानकारों ने बताया कि नेट में उम्मीदवार की बढ़त के साथ-साथ उस विधानसभा के एक-एक प्रत्याशी के वोटों की संख्या भी दी जाएगी। मतगणना का ताजा हाल जानने के साथ-साथ लोग यह भी देख सकेंगे कि किस उम्मीदवार को कितने मत प्राप्त हुए हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त डा. आलोक शुक्ला ने बताया कि 8 दिसंबर को मतगणना शुरु होने के फौरन बाद विधानसभावार जानकारी उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। इंटरनेट का सिस्टम स्थापित किया जा चुका है। नतीजे किस साइट पर उपलब्ध होंगे, इसकी जानकारी मतगणना के एक-दो दिन पहले सार्वजनिक की जाएगी।
प्रत्याशी देख सकेंगे व्यवस्था
मतगणना की तैयारी पूरी होने के बाद प्रत्याशी व्यवस्था देख सकेंगे। निवार्चन अधिकारियों का कहना है कि मतगणना कैसे होगी, चक्रवार किस तरह नतीजे सामने आएंगे और उनकी काउंटिंग की प्रक्रिया कैसी होगी, यह सारी व्यवस्था पारदर्शी रखी जाएगी। प्रत्याशी चाहेंगे तो गिनती से पहले भी इसका अवलोकन कर सकेंगे।
एनआईटी रहेगा सील
मतगणना कार्य सुबह 7 बजे शुरु होने की उम्मीद है। गणना कर्मचारी और प्रत्याशियों के एजेंट गिनती शुरू होने के दो घंटे पहले गणनास्थल में दाखिल हो जाएंगे। इसके बाद एनआईटी को सील कर दिया जाएगा। कलेक्टर विकासशील ने बताया कि एनआईटी परिसर में लाउड स्पीकर की व्यवस्था की जाएगी। हर चक्र के बाद विधानसभा वार प्रत्याशियों की पोजीशन का ऐलान होगा। एनआईटी के सामने से गुजरने वाली रोड पर भीड़ न लगे, इसका ध्यान रखा जाएगा।
हर क्षेत्र के 14 टेबल
मतगणना के दौरान एक चक्र में 14 पोलिंग बूथ के वोटों की गिनती होगी। इसी हिसाब से विधानसभावार इतने ही टेबल लगाए गए हैं। सभी टेबलों में गिनती पूरी हो जाएगी, तब एक एक चक्र होगा। रायपुर उत्तर, पश्चिम और दक्षिण विधानसभा के सीटों की गिनती एनआईटी परिसर स्थित आर्किटेक्चर भवन में होगी। शेष 10 विधानसभा की गिनती एनआईटी भवन के पहले और दूसरे मंजिल के कक्षों में की जाएगी। मतगणना के सिस्टम के अनुसार ही अभी से स्ट्रांग रुम बना दिया गया है।
कड़े पहरे में
एनआईटी बिल्डिंग अभी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की एक कंपनी के पहरे में है। चुनाव आयोग की अनुमति के बिना कोई भी बिल्डिंग में दाखिल नहीं हो सकता। एनआईटी परिसर को पुलिस लाइन के जवानों के सुरक्षा घेरे में रखा गया है। जवानों को भी सख्त निर्देश दे दिए गए हैं। अफसरों को भी पूरी पड़ताल के बाद इंट्री दी जा रही है। सरस्वतीनगर पुलिस को हर घंटे पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं। सिटी एसपी डा. लाल उमेद सिंह खुद गश्त की मानीटरिंग कर रहे हैं।