|
इस्लामाबाद. पाकिस्तानी मीडिया ने जरदारी के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें उन्होंन भारत-पाक के प्रति संबंधों को लेकर कहा था कि पाक पहले परमाणु हमला नहीं करेगा। इस बयान के बाद पाक मीडिया ने राष्ट्रपति जरदारी की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि वे बिना युद्ध किए हथियार डाल रहे हैं।
एक स्थानीय न्यूज ने आज यह लिखा है कि जरदारी हिन्दूस्तान टाइम्स समिट में पूछे गए सवालों के जवाब में कहा था कि पाक पहले परमाणु हमला नहीं करेगा, जिससे यह साफ होता है कि जरदारी साहब पहले ही नतमस्तक हो चुके हैं।
मीडिया के अनुसार पाकिस्तान अब तक भारत के सामने तीन बार हथियार डाल चुका है, पहली बार पूर्व राष्ट्रपति मुशर्रफ ने 2004 में आगरा शिखर वार्ता के दौरान हथियार डालने जैसी बात की थी। इसके बाद जरदारी ने 25 सितंबर को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ न्यूयार्क में मुलाकात के दौरान आगरा घोषणा पत्र का पालन किए जाने की बात कही थी और तीसरी बार जरदारी ने हिन्दूस्तान टाइम्स समिट में पूछे गए सवालों के जवाब में हथियार डालने जैसी बात कर पाकिस्तान को शर्मिंदा कर दिया है।
कल का बयान >>>
हम नहीं करेंगे पहला परमाणु वार : जरदारी
नई दिल्ली. पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने घोषणा की है कि उनका देश भारत के खिलाफ परमाणु हथियार का पहले इस्तेमाल नहीं करेगा। हालांकि उन्होंने पूरी उम्मीद जताई कि ऐसे हालात ही पैदा नहीं होंगे।
जरदारी ने सेटेलाइट के माध्यम से एक मीडिया समूह के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दक्षिण एशिया को परमाणु हथियाररहित क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव रखा। कश्मीर मसले पर उन्होंने कहा कि कश्मीर, कश्मीरियों का है।
भारत से खतरा नहीं : पाक राष्ट्रपति ने कहा कि पाकिस्तान को भारत से कोई खतरा महसूस नहीं होता और भारत को भी उससे आशंकित नहीं होना चाहिए।
व्यापार बढ़ाने के पक्ष में : जरदारी ने कहा कि वे निश्चित समयसीमा में दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के पक्षधर हैं। नागरिकों के लिए सीमा के आरपार जाने को सुविधाजनक बनाने के लिए उन्होंने ई कार्ड जारी करने का सुझाव दिया।