|
मेहसाना.
विश्व स्तर पर आई आर्थिक मंदी से उबरने के लिए अब लोग देवी-देवताओं की शरण में जाना बेहतर समझ रहे हैं, लोगों का विश्वास है कि अब इस मंदी को सिर्फ भगवान ही दूर कर सकते हैं।
गुजरात के मेहसाणा जिले के रामोसणा गांव में विश्वस्तर पर आई आर्थिक मंदी से निपटने के लिए 2 साल तक चलने वाले यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है और तो और इस यज्ञ में कुल खर्चा लगभग 150 करोड़ रुपए का होगा।
इस विशाल यज्ञ का आयोजन धार्मिक ट्रस्ट कोटी चंडी महायान सेवा समिति द्वारा किया जा रहा है। इस समिति के दाध्या भाई पटेल ने बताया कि इस यज्ञ के द्वारा मां मेलडी से विश्व स्तर पर आई मंदी को दूर करने का आह्वाहन किया जाएगा।
पटेल ने बताया कि यह यज्ञ 8 नवंबर 2008 से चालू है और आज(रविवार) 16वां दिन है। इस यज्ञ के द्वारा माताजी से सुख-शांति और समृध्धि के साथ-साथ वैश्विक शांति की स्थापना के लिए आशिर्वाद मांगा जाएगा। इसके लिए कुल एक करोड़ चंड़ी पाठ के श्लोक का मंत्रोच्चर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार का यह पहला यज्ञ है जो इतने लंबे समय तक चलेगा। इस यज्ञ में कुल 150 करोड़ रुपए के खर्च होने की संभावना है।
इस विशाल यज्ञ में बनारस, बिहार के चंपारण, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के 3 हजार से अधिक ब्राम्हण हवन कुंड के पास बैठकर माता मेलडी को प्रसंन्न करने के लिए श्लोक का मंत्रोच्चरण करेंगे।