|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. भाजपा विकास करने में विश्वास करती है, आश्वासन में नहीं। प्रदेश में भाजपा की सरकार बने, इसके लिए आप सबको 27 नवम्बर को कमल का बटन दबाकर भाजपा के पक्ष में मतदान करना है। अनूप मिश्रा, जयभान सिंह पवैया, महेन्द्र सिंह यादव, नारायण सिंह कुशवाह, बृजेंद्र तिवारी, कमलापत आर्य की जीत पर ही वे पुन: मुख्यमंत्री बनेंगे। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सब्जी मंडी चौराहा मुरार व मोहना में चुनावी सभाएं संबोधित करते हुए कहीं। श्री चौहान ने देर शाम लगभग आधा शहर में रोड शो किया, इस दौरान रथ से ही लोगों को संबोधित किया।
श्री चौहान ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के आदेशानुसार सत्ता में आने पर वह तभी मुख्यमंत्री बनेंगे जब भाजपा प्रत्याशियों को आप जिताकर भेजेंगे। उन्होंने कहा कि जनता स्वयं कांग्रेस के पचास साल और भाजपा के पांच साल के कार्यकाल की तुलना करे तो वह स्वयं ही पाएगी कि भाजपा ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में विकास की गंगा बहाई है। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा की प्रदेश में पुन: सरकार बनी तो वे प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
श्री चौहान ने जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्ची के जन्म से लेकर उसके विवाह की चिंता भाजपा सरकार ने की है। व्यापारी, युवा, महिला सभी वर्ग के लोगों के हित की बात भाजपा ने की है और आगे भी करती रहेगी। भाजपा विकास करने में विश्वास करती है, न कि आश्वासन देने में। सभाओं को संबंधित क्षेत्र के प्रत्याशियों ने भी संबोधित किया।
सीएम के रोड शो में उमड़ी भीड़
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को अनूप मिश्रा के समर्थन में बारादरी मुरार से रथ में सवार होकर रोड शो करते हुए सब्जी मंडी चौराहा पहुंचे। वहां से सभा को संबोधित कर थाटीपुर में रथ से ही सभा संबोधित की। इसके बाद गांधी रोड, पड़ाव, हजीरा, किलागेट तक रोड शो किया। चुनाव प्रचार का समय समाप्त होने के कारण रथ से उतरकर कार में बैठकर नई सड़क होते हुए गोल पहाड़िया तक रोड शो किया। जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर स्वागत किया।
सीएम का सभा एवं रोड शो में स्वागत करने वालों में अनूप मिश्रा, महेन्द्र सिंह यादव, नारायण सिंह कुशवाह, जयसिंह कुशवाह, धीरसिंह तोमर, अभय चौधरी, मधुसूदन भदौरिया, जयप्रकाश राजौरिया, शरद गौतम, रामेश्वर सिंह भदौरिया, दीपक वाजपेयी, निर्मल कोठारी, देवेश शर्मा, देवेन्द्र पवैया, राकेश खुरासिया, राजू समाधिया, दीवान सिंह नरवरिया, मोहन सिंह कोटिया, दिनेश दीक्षित, राकेश जादौन, चन्द्रप्रकाश गुप्ता, सुभाष शर्मा, प्रमेन्द्र शर्मा, खेमचन्द गुरवानी, उदय अग्रवाल, धर्मेन्द्र राणा, कुलदीप चतुर्वेदी आदि शामिल थे।
कांग्रेस नेता राजपूत समेत कई भाजपा में शामिल
मोहना में आयोजित मुख्यमंत्री की सभा में कांग्रेस नेता मानसिंह राजपूत समेत कई ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वालों में मदनसिंह, नरेश सिंह गुर्जर, सतीश किरार, लक्ष्मण सिंह जादौन, अनिल सिंह चौहान आदि शामिल हैं।