|
जमशेदपुर. दुनिया भर में जारी आर्थिक संकट के बीच देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने मांग में आई गिरावट के बाद एक बार फिर जमशेदपुर प्लांट पांच दिनों के लिए बंद कर दिया है। व्यावसायिक वाहन बनाने वाला इस प्लांट में 25 से 29 नवंबर के बीच उत्पादन बंद रहेगा। कंपनी द्वारा भारी व्यावसायिक वाहन संयत्र की इस माह यह दूसरी पूर्ण बंदी (ब्लॉक क्लोजर) है।
इस बात की पुष्टि करते हुए कंपनी के प्रवक्ता पीजे सिंह ने बताया कि ऋण की अनुपलब्धता और ऊंची ब्याज दरों के कारण वाहनों की मांग में काफी गिरावट दर्ज की गई है। मांग और उत्पादन में संतुलन करने के लिए ही कंपनी ने एक बार फिर जमशेदपुर प्लांट को पांच दिनों के लिए बंद करने का फैसला लिया है।
इसके पहले भी यह प्लांट 5 नवंबर से 9 नवंबर के बीच बंदर रहा था। यही नहीं पिछले दस सालों में यह चौथी बार है जब संयंत्र में उत्पादन पूरी तरह से ठप हो जाएगा। करीब दस साल पहले भी मांग में आई जबरदस्त गिरावट के बाद दो बार एक-एक हफ्ते के लिए उत्पादन बंद कर दिया गया था।
इस बार संयंत्र में उत्पादन के मार्च में करीब 500 इकाई से घट कर अब करीब 150 इकाई प्रतिदिन आ जाने के कारण करीब तीन हजार अस्थाई कर्मियों को पहले ही काम से बिठाया जा चुका है। इसके अलावा संयंत्र में करीब साढ़े आठ हजार नियमित कर्मचारी का करते हैं। यही नहीं संयंत्र में पड़ी आर्थिक सुस्ती की मार से इस पर निर्भर निकटवर्ती आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के करीब 50 सहायक उद्योग बंदी की कगार पर है और कई अन्य उद्योग भी खस्ताहाल स्थिति में हैं।
गौरतलब है कि कंपनी ने मांग में आई जबरदस्त गिरावट के बाद 3 नवंबर को करीब 700 अस्थाई कर्मियों को काम से हटाते हुए उत्पादन पाली को भी दो से घटाकर एक कर दिया था। इसके पहले 20 और 23 अक्टूबर को कुल मिला कर करीब 700 मजदूरों की छंटनी की गई थी।