|
नई दिल्ली.
दुनियाभर में वित्तीय संकट गहराता जा रहा है। प्रमुख कंपनियां लागत कम करने के लिए नौकरियों और वेतन दोनों में कटौती कर रही हैं, जबकि प्रमुख वाहन निर्माता कारोबार जिंदा रखने के लिए बैंकों की सहायता राशि पर निर्भर हैं। इसी बीच अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के मुख्य अर्थशास्त्री ओलिवियर ब्लैंकार्ड ने चेताया है कि वित्तीय संकट का सबसे मुश्किल दौर आना अभी बाकी है। दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों को इससे निपटने के लिए अपनी प्रमुख दरें घटाकर तरलता बढ़ाने के पुख्ता इंतजाम करने होंगे।
फिर बंद रहेगा टाटा का संयंत्र : ऑटो सेक्टर में छाई मंदी के कारण टाटा मोटर्स ने अपना जमशेदपुर स्थित संयंत्र 25 से 29 नवंबर तक बंद रखने का फैसला किया है।
हिंदुस्तान मोटर्स की बिक्री घटी :
देश की सबसे पुरानी वाहन निर्माता हिंदुस्तान मोटर्स की बिक्री में 33 फीसदी से भी अधिक गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी के लोकप्रिय मॉडल एम्बेस्डर की मासिक बिक्री 900 से घटकर 600 कारों तक सिमट आई है।
जेट में वेतन कटौती के आसार :
सूत्रों के अनुसार प्रमुख निजी एयरलाइंस जेट एयरवेज लागत घटाने के लिए पायलट व पुराने कर्मचारियों का वेतन घटाने पर विचार कर रही है।
आर्सेलर में छंटनी की योजना :
लागत घटाने के लिए प्रमुख स्टील कंपनी इंडियाना की उत्तर-पूर्व इकाई से 2,444 लोगों को निकालने की योजना बना रही है।