|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh सोनीपतभारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के उत्तरी क्षेत्र के यहां स्थित एकमात्र रीजनल सेंटर को चंडीगढ़ शिफ्ट करने की कवायद शुरू हो गई है। अब यहां साई का सब सेंटर खोलने की योजना है। साई के रीजनल सेंटर को पहले चंडीगढ़ या मोहाली में स्थापित करने की योजना थी लेकिन जमीन की ऊंची कीमतों के कारण बात नहीं बनी। आखिरकार खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए जाट जोशी गांव की ओर से करीब 80 एकड़ जमीन मुफ्त में साई को दी गई। यहां भवन निर्माण पर करीब 25 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं।
सिर्फ प्रशासनिक भवन पर ही 10 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं और अभी भी कई निर्माण कार्य जारी हैं। ऐसे में रीजनल सेंटर के यहां से शिफ्ट होने पर इसे फिर से किराए के मकान में चलाना होगा। सूत्रों का कहना है कि साई के कुछ अधिकारियों के चंडीगढ़ व पंजाब प्रेम के चलते ही इसे यहां से शिफ्ट करने की कवायद की जा रही है। केंद्र में पंजाब के कई कर्मचारी व अधिकारी हैं जो काफी समय से इसे चंडीगढ़ शिफ्ट कराने के प्रयास में लगे हैं। वहीं अधिकारियों का कहना है कि खेल मंत्रालय की हर जोन में साई का सब सेंटर खोलने की योजना है और इसी के तहत यह कार्य किया जा रहा है।शिफ्टिंग का विरोध. साई के प्रशिक्षकों ने रीजनल सेंटर को चंडीगढ़ शिफ्ट करने के फैसले का विरोध किया है। प्रशिक्षकों का कहना है कि अगर ऐसा होता है तो यह भेदभावपूर्ण प्रयास होगा।
इनेलो ने भी इसका विरोध किया है। इनेलो के युवा प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दहिया ने कहा कि पार्टी सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने ही इस केंद्र को चंडीगढ़ से सोनीपत शिफ्ट किया था। अगर इसे यहां से हटाया गया तो इनेलो कड़ा विरोध करेगी।
साई रीजनल सेंटर को चंडीगढ़ शिफ्ट करने का मसला अभी विचाराधीन है। यह उच्चस्तरीय मसला है और इस बारे में मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता।
एके शर्मा, डायरेक्टर, रीजनल सेंटर, जाट जोशी, सोनीपत