|
कुरुक्षेत्र रेलवे ओवरब्रिज के निकट सोमवार सुबह एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना सिटी प्रभारी शमशेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले कार्रवाई शुरू की। माना जा रहा है कि युवक की हत्या की गई है।
बाद में एसपी केवी रमणा व अन्य अधिकारियों ने भी मौके का मुआयना किया। मौके पर डॉग स्कवायड व फोरेंसिंक विशेषज्ञ भी बुलाए गए। हालांकि अभी तक कोई खास सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त हो सकी थी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सोमवार सुबह कुछ लोगों ने पुरानी ट्रक यूनियन के निकट एक युवक की लाश पड़ी हुई देखी। पता चलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच सूचना पाते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। युवक के सिर, पेट व शरीर के अन्य हिस्सों में चाकू व तेजधार हथियार से काटे जाने के निशान मिले, जिससे स्पष्ट है कि उसकी हत्या की गई।
आशंका जताई जा रही है कि या तो अवैध संबंधों या फिर किसी रंजिश के चलते किसी ने उसकी हत्या की है। जांच अधिकारी सिटी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह के मुताबिक जांच के बाद ही हत्या के कारण सामने आएंगे। अभी पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। जब तक शिनाख्त नहीं हो जाती, तब जांच भी सही नहीं हो सकती। फिलहाल शहरवासी मनविंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।