|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh बटाला. पुलिस की संवेदनहीनता ने सोमवार को एक बीमार वृद्धा की जान ले ली। बाल विवाह के आरोप में अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी में रविवार देर रात्रि हिरासत में रखी गई लीलावती (60) समय पर डॉक्टरी सहायता न मिलने से तड़प-तड़पकर मर गई, जबकि चौकी इंचार्ज इसे नाटक बताता रहा। अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजन देर रात तक अस्पताल में विलाप करके न्याय की मांग करते रहे।
उधर, चौकीइंचार्ज को लाइनहाजिर कर दिया गया है। डीसी ने मामले की जांच के लिए एसडीएम बटाला को आदेश दिए, जिसपर नायब तहसीलदार परमप्रीत सिंह गोराया ने परिजनांे के बयान कलमबद्ध किए। साथ ही, बालविवाह के आरोप में मृतका के बेटे अजय के भी खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मियां मोहल्लावासी अजय कुमार उर्फ आशु पुत्र कुनन लाल परिवार सहित अर्बन एस्टेट के लेबर क्वार्टर में लड़की देखने आया था। बात पक्की होने पर दोनों पक्षों ने तत्काल शादी करना तय कर लिया। रात लगभग साढ़े आठ बजे जब राधाकृष्ण मंदिर में शादी चल रही थी, मोहल्लावासियों ने पुलिस को शिकायत कर दी कि लड़की नाबालिग है। चौकी इंचार्ज एएसआई हरजीत सिंह ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया।
मृतका की बेटियों पूजा व मधु ने आरोप लगाया कि इंचार्ज ने चौकी लाकर परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया। बार-बार यह बताने पर भी कि उनकी मां बीमार है, किसी ने परवाह नहीं की। मांगने पर पानी तक नहीं दिया, उलटा चौकी इंचार्ज अचेत पड़ी मां को बूट से ठोकर मारते हुए कहता रहा कि नाटक कर रही है। जब देर तक होश नहीं आया तो उसे सिविल अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। शव को धारा १७४ के तहत पोस्टमार्टम करवाकर वारिसों को सौंप दिया गया।