|
ब्यावर/डेगाना. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने दावा किया है कि सत्ता की चाबी भाजपा के हाथ में ही सुरक्षित रह सकती है। भाजपा ने पिछले पांच साल में प्रदेश का स्वाभिमान लौटाकर प्रदेश को विकास की पटरी पर ला खड़ा किया है।
उन्होंने कांग्रेस को ललकारा कि कांग्रेस राज्य सरकार पर आरोप लगाने से बाज आए। कांग्रेस के नेता उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध करे वरना चुपचाप चुनाव लड़ ले। वे सोमवार को डेगाना और ब्यावर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रही थीं।
अपने गिरेबां में झांकें
ब्यावर के सुभाष उद्यान में पार्टी के प्रत्याशी शंकरसिंह के समर्थन में चुनावी सभा के दौरान उन्होंने कांग्रेस को ललकारा कि वह राज्य सरकार पर आरोप लगाने से बाज आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता मर्जी आए वह बोल रहे हैं। भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर उनके कान पक गए हैं। कांग्रेस पहले अपने गिरेबान में झांके। लालू यादव जैसे 12-12 आरोपित मंत्री केन्द्र में बैठे हैं, हत्या के आरोपी को मुख्यमंत्री तक बना रखा है।
केन्द्र के मंत्री दोनों हाथों से पैसे बटोर रहे हैं। बोफोर्स घोटाला करने वाले उनकी सरकार पर क्या आरोप लगाएंगे? एक दिन में विदेश में खाता खोलकर उसमें से राशि निकालने वाले पहले स्वयं को सुधारें।
मेहनत से चलती है सरकार
नागौर संभाग में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में इस पहली चुनावी सभा में राजे ने रावण मैदान पर करीब एक घंटे के भाषण में अशोक गहलोत सरकार के कामकाज पर टिप्पणियां की और अपनी सरकार के काम गिनाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद के गिरेबां में देख ले, तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा सरकारें जादू से नहीं मेहनत से चलती हैं। हमारा राजस्थान अब नया राजस्थान बनकर उभरेगा।