|
बीकानेर. डागों के चौक में सोमवार सायं एक टोली ने जैसे ही ‘दल-बदलू नेताओं से क्या कहना, बीजेपी को गुडबाय कहना.. गुडबाय कहना’ गीत जैसे ही शुरू किया तभी सामने से आ रही बीजेपी की टोली ने ‘बाकी नेताओं में दम नहीं, गोपाल किसी सूं कम नहीं..कम नहीं..’ से पलटवार किया।
प्रचार अभियान के दौरान इन दिनों शहर में अब गीत युद्ध भी शुरू हो गया है। दोपहर बाद प्रत्याशियों के समर्थकों की टोलियों में शुरू होने वाला यह गीत युद्ध देररात तक शहर के विभिन्न मोहल्लों में देखा जा सकता है। कांग्रेस की टोलियों के लोग ‘मत दो, थै मत दो बीजेपी वोट मत दो, थांरी कमर जावेला टूट..’ और ‘नो एंट्री नो, एंटी इये बीजेपी कर दो नो एंट्री..’ ‘अरे चालो-अरे चालो, सब लोग-लुगाई चालो, संग भाई-बंधु चालो, थै बोट देवण नै चालो, म्हारो हाथ जोड़ है कणो, ओ बोट कल्लोजी ने देणौ..’ ‘जात पर न पात पर बटन दबेगा हाथ पर..’आदि गीत गाकर जहां पार्टी प्रत्याशी के प्रचार में जुटी है, वहीं दूसरी ओर बीजेपी समर्थकों की टोलियां ‘छोड़ो सारे झमेले, बदलो अबके एमएले..’ ‘जद गोपालजी जीत जैपुर जासी, बीकाणो री शक्ल बदल जासी..’, ‘संतों का है कहना, वोट फूल को देना, रामसुखदासजी का नारा अपनाओ, बीजेपी को लाओ, बीकानेर को बचाओ..सबकी पसंद जोशीजी..’ गीतों के माध्यम से बीजेपी के पक्ष में वोट देने की अपील लोगों से कर रहे हैं। राजस्थानी और हिन्दी फिल्मों की तर्ज पर बनाई गई पैरोडी गीत भले ही किसी को वोट देने के लिए प्रेरित नहीं कर रहे हो लेकिन इन गीतों का आनंद हर कोई ले रहा है।
दिन भर शहर मोहल्लों में घूमने वाली ये टोलियां शाम को होने वाली ‘एक शाम पार्टी के नाम’ संगीत संध्याओं में पहुंच जाते हैं। सावों के बावजूद भी लोग इन संगीत संध्याओं में पहुंचकर चुनावी गीतों का आनंद ले रहे हैं। सोमवार को बीजेपी की ओर से नत्थूसर गेट पर एक शाम बीजेपी के नाम पर आयोजित की गई। इस संगीत संध्या में कलाकारों ने बीजेपी के पैरोड़ी के माध्यम से पार्टी के विकास कार्यो का उल्लेख किया। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से मंगलवार को नत्थूसर बास में संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा।
वसुंधरा के गीतों की सीडी बीकानेर में हुई तैयार
मुख्यमंत्री के चुनाव क्षेत्र में प्रचार के लिए गीतों की सीडी बीकानेर में तैयार की गई है। चुनाव को देखते हुए इस सीडी को पहले ही तैयार करवा लिया गया था। राजस्थानी और हिन्दी गीतों की तर्ज पर पार्टी प्रचार के आठ गीतों की इस सीडी को राजू छंगाणी ने तैयार किया है। ‘वसुंधराजी दे रह्या है घर-घर में संदेश.. बीजेपी ने लाओ, चमन बनाओ ईये धोरा वाले देश ने’ और पूरे हक सूं कहणो हैं वोट फूल ने देणो है आदि गीत तैयार किए गए हैं। छंगाणी के मुताबिक इस सीडी को सानिवि मंत्री राजेन्द्र राठौड़ के कहने पर तैयार किया गया।
हाइटैक हुआ प्रचार
चुनावी समर में डटे प्रत्याशियों के चुनाव का तरीका भी अब हाईटैक हो गया है। डोर-टू-डोर संपर्क से शुरू हुआ अभियान एसएमएस से आगे बढ़ते हुए अब इंटरनेट और डॉक्यूमेंट्री फिल्मों तक पहुंच गया है। एसएमएस के अलावा प्रत्याशी मतदाता तक पहुंचने के लिए मोबाइलधारकों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। वहीं नेट पर प्रत्याशियों का एक सॉफ्टवेयर लांच किया गया है। इस सॉफ्टवेयर में प्रत्याशी के जीवन-परिचय के साथ-साथ उसकी हॉबिज और अब तक के राजनीतिक जीवन के बारे में बताया गया है।
इसके अलावा कई ब्लॉग बनाए गए हैं जिनको क्लिक करते ही प्रत्याशी की संपूर्ण जानकारी मतदाता के पास होगी। वहीं डॉक्यूमेंट्री फिल्म में उनके द्वारा जनहित में किए गए कार्यो का उल्लेख है। वहीं प्रत्याशियों ने इस बार विशेष रूप से विकास वृक्ष भी तैयार करवाया गया है। इस वृक्ष में प्रत्याशी द्वारा राजनीति में प्रवेश के बाद अब तक हासिल की उपलब्धियों के साथ-साथ शहर के विकास का भी उल्लेख किया है। हाइटैक प्रचार के इस तरीकों के साथ-साथ प्रत्याशियों के समर्थकों के लिए विशेष टी-शर्ट, पैकेट कलेंडर, कैप तैयार करवाए गए हैं। कैप, टी-शर्ट पहनकर समर्थकों की टोलियां शहर में जगह-जगह घूम कर प्रचार कर रही है।