|
सिरसा. प्रदेश के तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने अब बहुतकनीकी शिक्षा संस्थानों में परीक्षाओं के ट्रेंड को बदल दिया है। नए आदेशों के अनुसार बहुतकनीकी शिक्षण संस्थानों में अब सब्जेक्टिव प्रश्नों की जगह सभी पांचों विषयों के प्रश्नपत्र ऑब्जेक्टिव होंगे।
प्रत्येक विषय का पाठ्यक्रम तीन हिस्सों में बांटा गया है। प्रथम हिस्से की परीक्षा को प्रथम समेस्टर तथा दूसरे हिस्से की परीक्षा को दूसरा समेस्टर तथा अंतिम भाग को तीसरा समेस्टर कहा जाएगा।
तीन घंटे की इस परीक्षा में विद्यार्थियों को ढाई घंटे में 150 प्रश्नों के उत्तरों को चिह्न्ीत करना होगा और आधा घंटा परीक्षा से जुड़े दिशा निर्देश पढ़ने की हिदायत है। नए प्रयोग से संबंधित प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की प्रथम समेस्टर की परीक्षा प्रदेश भर के तमाम 139 तकनीकी शिक्षण संस्थानों में 30 नवंबर को होगी।
जिसमें 45 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। उसके बाद दूसरा समेस्टर 28 दिसंबर 2008 व तीसरा समेस्टर 25 जनवरी 2009 को होगा। विशेष बात यह है कि इसी परीक्षा में एक्सटर्नल एवं इंटरनल मार्क्स भी शामिल होंगे और अब अलग से ये अंक नहीं दिए जाएंगे।
तकनीकी शिक्षा निदेशालय की ओर से परीक्षा के बदले गए स्वरूप की जानकारी समूचे स्टाफ एवं विद्यार्थियों को दे दी गई है। पारंपरिक परीक्षा से हटकर ये प्रयोग इस बार अनूठा होगा।
-यशपाल बेरवाल, प्राचार्य, राजकीय महिला बहुतकनीकी संस्थान, सिरसा।