|
मोगामोगा के एक होटल से बड़े पैमाने पर नशे का कारोबार संचालित हो रहा था। दिल्ली से पहुंची आईपीके की टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर बलराम लूथरा को साथ लेकर होटल में छापा मारा तो 15 लाख रुपए से ज्यादा कीमत की दवाएं बरामद कीं। छापे के दौरान होटल के कमरों में मौज मस्ती कर रहे जोड़े भाग खड़े हुए थे।
सूचना पाकर थाना सिटी पुलिस आधा घंटे बाद उस समय मौके पर पहुंची जब प्रेमी जोड़े होटलों के कमरों से निकल कर भाग गए। दिल्ली से पहुंची आईपीके टीम के तीन अधिकारी और मोगा के ड्रग इंस्पेक्टर सहित पांच अधिकारियों की टीम दोपहर लगभग साढ़े 11 बजे मोगा के लुधियाना रोड स्थित होटल ड्रीमलैंड में पहुंची।
टीम के सदस्यों ने होटल के कमरा नं.113 खोलने को कहा तो कर्मचारियों ने पहले तो चाबियां न होने का बहाना बनाया मगर जब दरवाजा तोड़ने का आदेश दिया गया तो उन्हें कमरा खोलना पड़ा। कमरा खुलते ही अधिकारी भौंचक्के रह गए क्योंकि कमरे में हर तरफ नशे की दवाइयां फैली थी।
अधिकारियों की टीम ने दवाओं को अपने कब्जे में ले लिया जिनकी कीमत 15 लाख रुपये से ज्यादा की बताई जा रही है। ड्रग विभाग की टीम ने मदद के लिए थाना सिटी मोगा पुलिस को सूचना दी। इस बीच होटल मालिक ने कमरों में मौज मस्ती कर रहे युवक-युवतियों को कमरों से निकालकर भगा दिया। वे आधे अधूरे कपड़ों में ही होटल के कमरों से निकलकर सड़क पर भागे।