|
जालंधर. बिजली बोर्ड ने मंगलवार को बस्ती दानिशमंदा और बस्ती नौ में स्थित 21 लैदर इकाइयों के बिजली कनैक्शन काट दिए। बोर्ड ने उक्त कार्रवाई पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) के निर्देशों पर की है।प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक्सिएन हरबीर सिंह का कहना है कि ट्रीटमैंट प्लांट लगाने के बाद ही इंडस्ट्रीज के कनैक्शन बहाल किए जाएंगे। पीपीसीबी अधिकारियों के मुताबिक, रिहायशी क्षेत्र में लगी इन इकाइयों में ट्रीटमेंट प्लांट नहीं लगे होने के कारण इनसे निकलने वाले अनट्रीटेड पानी से प्रदूषण फैल रहा था। जिसे रोकने के लिए उन्हें यह कार्रवाई करनी पड़ी है।
नहीं दिया प्लांट लगाने का समय
पीपीसीबी ने काफी समय से ही इन इकाइयों को ट्रीटमैंट प्लांट लगाने के निर्देश दे रखे थे, लेकिन दिए समय में ट्रीटमैंट प्लांट नहीं लगाने पर इन लैदर इकाइयों पर कार्रवाई करनी पड़ी। उधर, इस कार्रवाई को लेकर इन लैदर इकाइयों के मालिकों में रोष पाया जा रहा है।
स्माल यूनिट्स सपलिट लैदर मेकर्स एंड प्रोसैसर्ज एसोसिएशन के प्रधान सुशील कुमार रिंकू का कहना है कि उक्त 21 इकाइयों में करीब 12 इकाइयों ने ट्रीटमैंट लगाने तैयारियां शुरू की हुई थीं और तकरीबन चार पांच माह में ट्रीटमैंट प्लांट स्थापित हो जाने थे।
बोर्ड ने उन्हें इतना समय नहीं दिया और उनके खिलाफ यह कार्रवाई कर दी। उनके मुताबिक उक्त इकाईयों में से छह इकाइयों ने तो ट्रीटमैंट प्लांट लगा भी लिए है, लेकिन सिर्फ कागजी कार्रवाई ही बाकी थी, लेकिन इनके कनैक्शन भी कट गए। उन्होंने कहा कि कनैक्शन काटे जाने के कारण उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।