|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior मुरैना. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व स्टार प्रचारक राहुल गांधी ने कहा है कि भाजपा जो कहती है उसे करती नहीं है। वे मंगलवार को यहां मुरैना के पुलिस परेड मैदान पर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी आमसभा को संबोधित कर रहे थे। मंच पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, एचके मुनियप्पा, चंद्रशेखर साहू, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव नारायण सामी एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी भी मौजूद थे।
श्री गांधी ने कहा कि राजनीति में अगर आप कोई काम कर नहीं सकते तो उसको कहना भी नहीं चाहिए। पिछले चुनाव से पहले मध्यप्रदेश में भाजपा ने जनता से बहुत वायदे किए, कि अगर सरकार बनी तो सड़क, बिजली और पानी की कोई परेशानी नहीं होगी। लेकिन यहां भाजपा ने किया कुछ नहीं। बिजली तो दी नहीं, बिल जरूर पहुंचा दिए।
राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में यूपीए की सरकार है। इस सरकार के बनने से पहले मनमोहनसिंह व सोनिया गांधी ने जो वायदा जनता से किया था, उसे पूरा किया है। राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना दी, 60 करोड़ रुपए तो अकेले मुरैना को ही दिए हैं। किसानों के करोड़ों रुपए के कर्ज माफ किए हैं। यानी कांग्रेस ने जो कहा सो किया भी है।
मुझे बीमारी है, बोले राहुल : राहुल गांधी ने कहा कि कुछ बड़े लोग कहते हैं राहुल को क्या हो गया है। ये गांवों में क्यों जाता है, गरीबों के घर खाना क्यों खाता है। झुग्गी-झोंपड़ी में क्यों सोता है? असली बात तो ये है उन्हें बीमारी लग गई है। इस बीमारी की दवा गांवों में ही है। इसलिए वे गांवों में जाते हैं, गरीब की झुग्गी में घुस जाते हैं।
राजनीति किसके लिए की जाती है?
राहुल गांधी ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि राजनीति किसके लिए की जाती है? गरीब के लिए, किसान के लिए, युवा के लिए राजनीति की जाती है। इसीलिए मैं गांवों में जाता हूं, गरीब के झोंपड़ों पर जाता हूं।
इंदौर में इस साल नहीं आई दिवाली : बंशीलाल नामक एक बुजुर्ग के साथ का वाकया राहुल गांधी ने भाषण में यूं बयां किया कि वे पिछले दिनों इंदौर गए थे। वहां सड़क से उन्हें एक बुजुर्ग बंशीलाल अपना घर दिखाने ले गए। असल में उनका घर बिल्डर ने वहां से हटवा दिया था, जहां था। बंशीलाल ने कहा कि चीफ मिनिस्टर उनसे दिवाली पर नया घर मिलने पर उनके साथ भोजन करने की बात कह गए थे। इतना कहने के बाद श्री गांधी ने सीएम पर व्यंग्य किया कि इस साल इंदौर में तो दिवाली आई ही नहीं।
मुरैना से पुराना रिश्ता है : राहुल गांधी ने कहा कि मुरैना से हमारा बहुत पुराना रिश्ता है। माधवराव सिंधिया, मेरे पिताजी (स्व.राजीव गांधी) को यहां लाए थे। आने वाले समय में, मैं इस रिश्ते को और गहरा करूंगा।
राहुल ने फिर तोड़ा सुरक्षा घेरा
लगातार सुरक्षा घेरा तोड़कर लोगों के बीच पहुंचने का सिलसिला राहुल गांधी ने मुरैना में भी जारी रखा। लोगों की बेकाबू भीड़ देखकर श्री गांधी ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी व नारायण सामी को साथ लेकर जनता के बीच पहुंच गए। हालांकि वे तारों वाली जाली के पार नहीं गए, लेकिन गैलरी में चलकर उन्होंने आमजन से हाथ मिलाए और उनसे समस्याओं के बारे में चर्चा की। वे काफी देर तक महिलाओं की समस्याएं सुनते रहे।