|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. कीनियाई नागरिक एन. रॉबर्ट के शव का चौथे दिन यानी मंगलवार को पोस्टमार्टम हुआ। लाश को मृतक के भाई के कहने पर अस्पताल प्रशासन ने जीआरएमसी के एनाटॉमी विभाग में सुरक्षित रखवा दिया है। राबर्ट के परिजन लाश को कीनिया ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।
जीआरपी और जयारोग्य चिकित्सालय प्रशासन शनिवार से ही कीनियाई दूतावास दिल्ली के अधिकारियों के आने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन जब वे नहीं आए तो मंगलवार को मृतक के भाई के कहने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने की कागजी औपचारिकता पूरी की, जिसके बाद तीन डाक्टरों का पैनल बनाकर अस्पताल प्रशासन ने रॉबर्ट की लाश का पोस्टमार्टम करा दिया। पैनल में डा.जेएन सोनी, डा.ओपी जाटव और डा.भरत जैन शामिल थे।
जेएएच सूत्रों के अनुसार, लाश के पोस्टमार्टम की वीडियो रिकोर्डिंग भी कराई गई है। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा को जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह खुलासा हो पाएगा कि राबर्ट की मौत कैसे हुई।
ज्ञात रहे कि जीआरपी थाना पुलिस को पिछले मंगलवार की शाम उदयपुर से ग्वालियर आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस में एन. रॉबर्ट बेहोश मिला था। रॉबर्ट को जीआरपी ने जयारोग्य चिकित्सालय के पॉइजनिंग वार्ड में दाखिल कराया था, जहां शनिवार की सुबह उसकी मौत हो गई थी। रॉबर्ट जयपुर विश्वविद्यालय में एमफिल कर रहा था।