|
सिंगापुर. वैश्विक मंदी से अब तक अछूते रहे राष्ट्राध्यक्षों के वेतन पर भी अब कटौती की कैंची चलने वाली है। इस मामले में सिंगापुर ने पहल कर भी दी है। उल्लेखनीय है कि सिंगापुर के प्रधानमंत्री जिनकी तनख्वाह अमेरिकी राष्ट्रपति से भी ज्यादा होती है अब 19 प्रतिशत कटौती का शिकार होने वाले हैं। वाकई यह सुनने में आश्चर्यजनक जरूर लगे, लेकिन छोटे से इस देश के प्रधानमंत्री ली हिन लूंग अमेरिकी राष्ट्रपति की तुलना में पांच गुना ज्यादा वेतन उठाते हैं। उनका कुल सालाना वेतन 2.46 मिलियन डॉलर यानी करीब 12 करोड़ तीस लाख रुपए है। हालांकि अब उनकी तनख्वाह पर वित्तीय नीति निर्धारकों की कैंची चलने वाली है और उनका वेतन अब घटकर करीब 10 करोड़ रुपए रह जाएगा।
एआईजी सीईओ को सिर्फ एक डॉलर वेतन:
न्यूयॉर्क. आर्थिक संकट में फंसे अमेरिकन इंटरनेशनल ग्रुप (एआईजी) ने घोषणा की है कि कंपनी के आला अधिकारियों के वेतन में वर्ष 2009 तक कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी, इतना ही नहीं कंपनी के सीईओ का आधार वेतन भी 2008-09 में सिर्फ एक डॉलर सालाना दिया जाएगा।
वेतन घटाएं अधिकारी -ओबामा : अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि लाखों कर्मचारियों को नौकरी से हटाने तथा आर्थिक मंदी के दौर के चलते बैंक के आला अधिकारियों को अपना वेतन घटाना चाहिए। एक टी वी चैनल को दिए इंटरव्यू में ओबामा ने कहा कि अधिकारियों को सामाजिक भावना का प्रदर्शन करना चाहिए।