|
नई दिल्ली.सीनियर खिलाड़ियों द्वारा पाकिस्तान जाने के प्रति अनिच्छा जताने के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम के पाक दौरे पर आशंका के बादल छा गए हैं। टीम इंडिया का पड़ोसी देश का दौरा अगले वर्ष जनवरी-फरवरी में प्रस्तावित है, लेकिन सुरक्षा कारणों से इस पर अनिश्चय की स्थिति बनी हुई है। भारत को इस दौरे पर 3 टैस्ट, 5 वनडे और 1 ट्वंटी-20 मैच खेलना है। गौरतलब है कि इसी माह सुरक्षा कारणों से जूनियर भारतीय हॉकी टीम ने अंतिम मौके पर पाक दौरा रद्द कर दिया गया था।
एक टीवी चैनल ने सूत्रों के हवाले से बुधवार को खबर दी कि भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग पाकिस्तान दौरे पर नहीं जाना चाहते हैं। इन खिलाड़ियों ने इस संबंध में बीसीसीआई को अपने विचारों से अवगत करा दिया है। सूत्रों के अनुसार, दो सप्ताह पूर्व पेशावर में हुए आतंकी हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा-व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यह विस्फोट कुरैशी स्टेडियम के नजदीक हुआ था और विस्फोट से कुछ देर पहले ही वहां एक टूर्नामैंट संपन्न हुआ था।
कोई जानकारी नहीं : शेट्टी
बीसीसीआई के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रत्नाकर शेट्टी ने इस संबंध में पूछे जाने पर कहा,‘फिलहाल मैं सिर्फ इतना कह सकता हूं कि हमें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। न ही किसी खिलाड़ी ने दौरे के बारे में बोर्ड से कुछ कहा है।’
बोर्ड के वित्तीय समिति के प्रमुख राजीव शुक्ला ने इन खबरों को बकवास बताते हुए सवालिया लहजे में कहा कि जब पाक दौरे के लिए भारतीय टीम का चयन ही नहीं हुआ है, तो खिलाड़ियों का वहां जाने से इंकार करने का सवाल कहां से आ गया।
‘दौरे पर फैसला 10-12 दिनों बाद’
सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने पीसीबी के अपने समकक्ष एजाज बट को जानकारी दी है कि उन्होंने भारतीय सरकार को दौरे को हरी झंडी देने के लिए पत्र लिखा है। बीसीसीआई को उम्मीद है कि 10-12 दिनों में उसे इस संबंध मे जवाब मिल जाएगा। बट अगले महीने भारत दौरे पर आएंगे, जहां वे भारतीय बोर्ड से इस संबंध में बात करेंगे। उधर, राजीव शुक्ला ने कहा कि अगले कुछ दिनों में भारतीय अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम पाकिस्तान जाएगी और वहां के हालात पर अपनी रिपोर्ट देगी। शुक्ला ने साथ ही कहा कि दौरे पर भारत सरकार की राय अंतिम होगी। यदि भारत सरकार वहां के हालात पर आशंका जताती है, तभी दौरा टल सकता है।
‘धोनी एंड कंपनी का स्वागत है’
उधर, चार दिवसीय दौरे पर भारत आए पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने बुधवार को कहा कि पाक दौरे पर भारतीय टीम और दर्शकों का जोरदार स्वागत होगा। उन्होंने कहा कि पाक में सुरक्षा हालात काबू में हैं और चिंता की कोई जरूरत नहीं है।