|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood परदे के पीछे. अगले कुछ दिनों में दो नई नायिकाएं प्रस्तुत की जा रही हैं और यह खबर इसलिए महत्वपूर्ण है कि एक नायिका शाहरुख खान के साथ और दूसरी आमिर खान के साथ है। अनुष्का शर्मा को प्रस्तुत कर रहे हैं आदित्य चोपड़ा, जो लगभग सात वर्षो बाद निर्देशन कर रहे हैं। ज्ञातव्य है कि आदित्य चोपड़ा की पहली फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे’ भारत की सफलतम फिल्मों में से एक है। उनकी दूसरी फिल्म ‘मोहब्बतें’ साधारण रही।
अब अपनी तीसरी फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में वह शाहरुख के साथ अनुष्का शर्मा को प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म के गीत हिट हो चुके हैं और छोटे परदे पर दिखाए जाने वाले प्रोमो ने भी दर्शकों में उत्सुकता जगाई है। प्रदर्शन का दिन (बारह दिसंबर) आने तक यह उत्सुकता उन्माद में बदल जाएगी। आदित्य चतुर फिल्मकार होने के साथ फिल्म के लिए प्रचार द्वारा लहर बनाने में भी प्रवीण हैं।
फिल्म की शूटिंग शुरू होने के पहले ही इसकी कथा का अनुमान लगाया जा रहा था। कुछ लोगों का विचार है कि यह ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्म ‘गोलमाल’ से प्रेरित है। परंतु आदित्य चोपड़ा प्रेम कहानी बनाने में माहिर हैं और फिल्म का नाम भी किसी हास्य फिल्म का नहीं लगता। विगत कुछ समय से आदित्य चोपड़ा की संस्था से कोई बड़ी सफल फिल्म नहीं आई है, अत: यह निर्णायक फिल्म है। अनुष्का शर्मा को शाहरुख तथा आदित्य के साथ अवसर मिल रहा है। दीपिका पादुकोण की तरह अनुष्का शर्मा का जीवन भी बदल सकता है।
दक्षिण भारत की सफल फिल्म के हिंदी संस्करण में नायक आमिर खान ने बहुत से परिवर्तन किए हैं और अपनी भूमिका के लिए भारी कसरत की है और सिर भी मुंडवाया है। ‘गजनी’ एक एक्शन फिल्म है। नायिका असिन को विज्ञापन फिल्मों में देखा जा चुका है। उसका सौंदर्य पारंपरिक भारतीय है और विद्या बालन की तरह उसे आधुनिका के तौर पर शायद स्वीकार नहीं किया जा सके। ‘गजनी’ नायक प्रधान फिल्म है। एक हिंसक घटना में उसके सिर पर हुए प्रहार के कारण उसकी याददाश्त आती-जाती रहती है और झलकियों में देखे सत्य के अंशों के आधार पर वह कातिल तक पहुंचता है। हॉलीवुड की ‘मेमेंटो’ नामक फिल्म से प्रेरित ‘गजनी’ में पल-पल रहस्य और रोमांच है। हिंसा के नए मानदंड स्थापित करने वाली इस फिल्म में आमिर खान ने अद्भुत अभिनय किया है। उनकी नायिका असिन को पहली हिंदी फिल्म के प्रदर्शन पूर्व ही अनेक प्रस्ताव मिल चुके हैं।
अब तक प्रदर्शित प्रोमो के आधार पर यह कहा जा सकता है कि अनुष्का शर्मा साधारण सी लड़की है परंतु आदित्य चोपड़ा की कथा के लिए बहुत ही उम्दा चयन है। शिखर नायिकाएं करीना कपूर और कैटरीना कैफ के पास अगले दो वर्षो तक समय नहीं है। ऐश्वर्या राय बच्चन और रानी मुखर्जी दौड़ से हट गई हैं और प्रिटी जिंटा भी नायिका प्रधान पटकथा खोज रही हैं। अत: नई नायिकाओं के लिए अच्छे अवसर हैं।