|
अजमेर. मुंबई में हुए धमाकों में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की खबर से यहां भी शोक व चिंता की लहर दौड़ गई। गौरतलब है कि मुंबई में खास तौर पर सिंधी समुदाय के कई लोग रोजगार के लिए बसे हुए हैं और यहां के कई परिवारों के रिश्तेदार भी रह रहे हैं। देररात टीवी पर खबर प्रसारित होने के बाद अपनों की कुशलक्षेम पूछने के लिए लोगों ने मुंबई फोन मिलाने की भी कोशिश की। फोन पर सम्पर्क नहीं होने पर लोग खासे परेशान रहे।
सिंधी साहित्य एकादमी के अध्यक्ष राम मटाई ने बताया कि मुंबई में उनके चाचाजी का परिवार रहता है। दो सिस्टर भी हैं। टीवी पर घटना की खबर पाकर उन्हें परिजनों की कुशलता जानने की उत्सुकता बढ़ गई। फोन पर उन्होंने हाल-चाल पूछे। परिजन बांद्रा और थाना इलाके में हैं। उस इलाके में भी सनसनी है।
श्री राम विश्व धाम दरबार के प्रवक्ता प्रकाश जेठरा ने बताया कि घटना से उसका परिवार नाते-रिश्तेदारों की खैरियत के लिए चिंतित हैं। फोन से उनकी कुशल क्षेम पूछ रहे हैं। लायंस क्लब की अध्यक्ष सजनी भंभानी ने बताया कि उनकी माताजी व बहिन भी मुंबई के मलाड व भायंदर इलाके में हैं। अन्य इलाकों में भी उनके जान-पहचान वाले हैं जिनके प्रति वे चिंतित हैं।
सुरक्षा की चिंता, सतर्कता की अपील
मुंबई में बुधवार रात बम ब्लास्ट की घटना का असर यहां सुरक्षा के प्रति प्रशासन की सतर्कता तथा नागरिकों में चिंता के रूप में रहा। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर शहर में में एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। एसपी आनंद श्रीवास्तव ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष गश्त के आदेश दिए। पुलिस लाइंस से आरएसी और पुलिस का जाप्ता विशेष गश्त के लिए तैनात कर दिया गया। दरगाह, पुष्कर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों की चैकिंग की गई।
एसपी आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर पहले से ही जिले भर में संदिग्ध तत्वों के प्रति पुलिस अलर्ट है। मुंबई में ब्लास्ट की घटना के बाद एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी गई है। सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। दरगाह, पुष्कर सहित अन्य भीड़वाले स्थानों पर संदिग्ध लोगों को चैक किया जा रहा है। दरगाह सीओ डीएसपी जयसिंह राठौड़ ने बताया कि दरगाह इलाके में आरएससी और पुलिस का जाप्ता तैनात कर दिया गया है। इलाके में होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में ठहरे बाहरी लोगों के बारे में तफ्तीश शुरू कर दी गई है।
ट्रेनों की चैकिंग
रेलवे पुलिस और आरपीएफ के अफसरों ने रेलवे स्टेशन पर एहतियात के तौर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। ट्रेनों को चैक किया गया। रेलवे स्टेशन परिसर की जांच की गई है।
चिंता की लहर
दरगाह सीओ डीएसपी जयसिंह राठौड़ ने बताया कि लोगों से संदिग्ध वस्तु और लोगों के बारे में पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है। इधर नागरिकों ने आतंकवाद जैसी समस्या पर भी राजनीति पर चिंता जताई।