|
कटक. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार रात हुए आतंकी हमले से क्रिकेट भी बेअसर नहीं रहा है। इसके मद्देनजर इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने अपना भारत का शेष दौरा रद्द कर दिया है। वहीं, अगले महीने प्रस्तावित चैंपियंस ट्वेंटी-20 लीग भी अगले साल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) ने शेष बचे सारे मैच रद्द कर दिए।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक शीर्ष सूत्र ने बताया कि मुंबई हमले के बाद इंग्लैंड टीम ने मौजूदा सीरीज के शेष दो वनडे और दो टेस्ट मैचों की सीरीज रद्द करने का निर्णय लिया। उसने इस फैसले से बीसीसीआई को अवगत करा दिया है।
इंग्लैंड टीम ने दर्ज कराई आपत्तियां : बम धमाकों के मद्देनजर दौरे पर बनी संशय की स्थिति पर विचार करने के लिए बीसीसीआई के सचिव एन. श्रीनिवासन और मेहमान टीम के अधिकारियों की भुवनेश्वर में बातचीत हुई। मेहमान टीम ने बैठक में दौरा जारी रखने को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
ऐसा समझा जा रहा है कि इंग्लिश टीम के अधिकारियों ने वनडे और टेस्ट श्रंखला रद्द करने और टीम को स्वदेश वापस जाने की अनुमति देने का आग्रह किया। बीसीसीआई अधिकारियों के साथ बैठक में इंग्लैंड के कप्तान केविन पीटरसन, कोच पीटर मूर्स टीम प्रबंधक रेग डिकासो और मीडिया प्रबंधक एंड्रयू वालपोल भी मौजूद थे।
टेस्ट सीरीज के लिए अंग्रेजों की वापसी चाहता है भारत : सूत्रों ने बताया कि भारतीय बोर्ड वनडे सीरीज के दो मैच रद्द करने को तैयार था लेकिन वह चाहता था कि इंग्लिश टीम 2 सप्ताह बाद शुरू होने वाली टेस्ट श्रंखला के लिए वापस भारत आए। मेहमान टीम प्रबंधन ने बीसीसीआई के प्रस्ताव से इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के शीर्ष अधिकारियों को अवगत करा दिया है, जो इस पर विचार कर बीसीसीआई को अपने फैसले की जानकारी देगा।