|
जोधपुर. मुम्बई में बुधवार की रात हुए आतंकी हमले के बाद वहां रहने वाले मारवाड़ियों की सुरक्षा को लेकर राजस्थान में मारवाड़ी सहम गए। मुंबई के विभिन्न इलाकों में बड़ी तादाद में बसे मारवाड़ियों से यहां के लोगों ने मोबाइल कर कुशलक्षेम पूछी। सबका यही कहना था कि जैसे ही उन्हें इस घटना के बारे में पता चला, हर किसी ने वहां के अपने परिचितों को फोन लगाकर उनकी कुशलता के बारे जाना।
दो सौ घायल पहुंचे अस्पताल
‘हमारे अस्पताल के पास मेट्रो सिनेमा के पीछे धमाका हुआ। रात करीब सवा बारह बजे तक हमारे अस्पताल में करीब दो सौ घायलों को लाया जा चुका था। अस्पताल में सभी चिकित्सकों को बुला लिया गया। अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। किसी को यह पूछने और बताने का समय ही नही था कि क्या हुआ। बस लोग घमाके की बात कह रहे थे।
(जोधपुर निवासी तथा मुंबई स्थित बॉम्बे अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डा. डीपी व्यास ने फोन पर बताया)
चारों तरफ अफरा-तफरी
‘मैं अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ गेटवे ऑफ इंडिया के पास पॉपकार्न खा रहा था। इतने में ही पास में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे। मैं भी अपना परिवार लेकर अपना कार तक पहुंचा लेकिन भीड़ इतनी थी कि कार तक पहुंच ही न पाया। हम तो पैदल ही घर की तरफ भागे। करीब एक किलोमीटर तक जाम लगा था। वहां लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। कोई किसी की कुछ भी सुनने को तैयार न था, क्या हुआ, किसी को पता नहीं था। मेरी पत्नी व बच्चे डर गए थे। चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था।’
(पाली जिले के सिवास गांव निवासी जितेंद्र जैन ने मुंबई से बताया)
पूरे डिब्बे में सन्नाटा छा गया
‘चर्च गेट से लोकल ट्रेन में भायंदर आ रहा था। रास्ते में किसी के मोबाइल पर सूचना आई कि वीटी स्टेशन पर धमाका हो गया है और कई हताहत हो गए हैं। यह जानते ही पूरे डिब्बे में सन्नाटा छा गया। कई साथियों से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि जो जहां है, सेफ स्थान पर चला जाए।’
(जसवंतगढ़ (नागौर) निवासी पवन कुमार तावणिया ने बताया)
बदहवासी के हालात
‘रात को यहां अंधेरी वेस्ट स्थित जुहू लैंड के एक मैदान में शादी के रिसेप्शन में शो रखा गया था। मैं वहां प्रस्तुति देने वाला था। उस समय वहां करीब दो हजार लोग मौैजूद थे। जैसे ही पता चला कि मुंबई में आतंकी हमला हो गया है, यहां भी अफरा-तफरी मच गई। दस मिनट में ही पूरा मैदान खाली हो गया। हर कोई जल्दी से जल्दी अपने घर पहुंचना चाह रहा था। बदहवास से लोग वहां से भागे।
(पाली के भवाई नृत्य कलाकार सुनील परिहार ने फोन पर बताया)
छत से देखा धुआं उठ रहा था
‘विले-पार्ले में हमारे घर से थोड़ी दूरी पर रात करीब साढ़े दस बजे एक धमाका हुआ। इलाके के लोगों ने अपने घरों की छत पर जाकर देखा तो आग और धुआं दिखाई दिया। इस इलाके में मारवाड़ियों के करीब एक हजार घर हैं। अधिकांश ने एक-दूसरे को फोन करके इस बारे में जानकारी ली।’
(पाली जिले के बागोल निवासी संपतराज ने बताया)
हेल्पलाइन की स्थापना
हमलों के बाद मुंबई में रहने वाले मारवाड़ियों को सूचना देने के लिए हेल्पलाइन शुरू की गई है। आदर्श ग्रुप के घनश्याम सिंह व मारवाड़ एकता परिषद के नरेंद्र परमार गणपत कोठारी ने यह हेल्पलाइन शुरू की है। इसके 09821121204, 09969428057 व 09821136026 पूरी जानकारी ली जा सकती है।