Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

कांग्रेस में चुनावी फंड का विवाद

रायपुर. विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस को दिल्ली से भारी फंड मिला था। फंड बांटने और हिसाब को लेकर नाराजगी उभरने लगी है। पीसीसी सूत्रों के मुताबिक पार्टी के प्रत्याशियों को पार्टी से दिए गए फंड में हेराफेरी की शिकायतें बढ़ गई हैं।

कहा जा रहा है कि जितना पार्टी से फंड आया था, सभी प्रत्याशियों को उतना नहीं दिया गया। बाद में कुछ प्रत्याशियों की कमजोर आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर अतिरिक्त मदद किए जाने की भी व्यवस्था हुई लेकिन कांग्रेस में हो रही चर्चाओं से पता चलता है कि कई प्रत्याशी इससे वंचित रहे। दो दिनों से यहां कांग्रेस भवन में कुछ प्रत्याशी पीसीसी के पदाधिकारियों दफ्तरों के चक्कर काटते देखे जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक आधा दर्जन प्रत्याशियों ने चुनाव फंड नहीं मिलने की शिकायत की है। वहीं यह शिकायतें भी हुई है कि पार्टी द्वारा दी गई रकम में से पीसीसी के लिए आर्थिक सहायता के रूप में चंदा ले लिया गया। कांग्रेस के कुछ प्रत्याशी कल रात तक अजीत जोगी से भी मिले। श्री जोगी कल शाम मध्यप्रदेश से चुनाव प्रचार कर लौटे।

बताते हैं कि भाजपा के दिग्गज मंत्रियों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशियों ने अलग से आर्थिक मदद मांगी थी। ऐसे कुछ लोगों को मदद दी भी गई लेकिन कुछ प्रत्याशी इससे वंचित रह गए। बताया गया है कि फंड दिए जाते समय प्रत्याशियों से बाउचर भी भरवाया गया। पीसीसी के कोषाध्यक्ष पारस चोपड़ा ने फंड बांटने में अनियमितता की शिकायतों से इंकार किया। उन्होंने कहा कि एकाध प्रत्याशी की शिकायत हो सकती है। पीसीसी के प्रमुख प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी राजेन्द्र तिवारी ने कहा कि उन्हें किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है।

जोगी के दरबार में भीड़
पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद अजीत जोगी के निवास सागौन बंगले में आज समर्थकों की भीड़ लगी रही। कल रात उनसे विधायक उदय मुदलियार, मोहम्मद अकबर, नंदकुमार पटेल के अलावा लेखराम साहू, वृहस्पिति सिंह, हमीद हयात समेत कई लोगों ने मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि श्री जोगी कांग्रेस को बहुमत मिलने को लेकर आश्वस्त हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: