|
भुवनेश्वर/मुंबई. मुंबई में आतंकी हमले के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम द्वारा भारत दौरा रद्द करने के मद्देनजर भारतीय खिलाड़ी भी अपने-अपने घरों को लौट गए। गुरुवार शाम 7 बजे तक 15 सदस्यीय टीम इंडिया के 8 क्रिकेटर अपने घरों को रवाना हो चुके थे। बाकी खिलाड़ी भी जल्दी रवाना होने की तैयारी में थे।
घर लौटने वालों में सबसे आगे भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर रहे। ये दोनों शाम 5.45 बजे की उड़ान से दिल्ली रवाना हुए। इनके जाने के 45 मिनट बाद सचिन तेंडुलकर, जहीर खान, रोहित शर्मा, मुनाफ पटेल, इरफान पठान और यूसुफ पठान मुंबई रवाना हुए। गेंदबाजी कोच वेंकटेश प्रसाद और क्षेत्ररक्षण कोच रॉबिन सिंह ने भी जल्दी ही शहर छोड़ना उचित समझा और अपने घरों को रवाना हुए।
गौरतलब है कि दौरा रद्द होने से पहले टीम इंडिया को गुवाहाटी रवाना होना था, जहां भारत और इंग्लैंड के बीच छठा वनडे मैच प्रस्तावित था।
अकमल और तनवीर सुरक्षित : पाकिस्तान के क्रिकेटर कामरान अकमल और सोहेल तनवीर मुंबई में अपने होटल में सुरक्षित हैं। ये दोनों क्रिकेटर चैंपियंस लीग (अब स्थगित) में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने के लिए भारत आए हुए हैं और आतंकी हमले के समय मुंबई में थे। अकमल और तनवीर जब बुधवार रात डिनर के लिए होटल से बाहर थे, तभी उन्हें आतंकी हमलों की खबर मिली। इसके बाद उन्हें जल्दी से होटल लौटने को कहा गया।
अकमल ने गुरुवार को बताया कि आतंकी हमले की खबर सुनने के बाद उनके पिता ने उनसे फोन पर बात की, जिसमें उन्होंने (अकमल) अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी। वहीं, तनवीर ने कहा कि आतंकी हमले की खबर बेहद डराने वाली थी। फिलहाल हम यहां से कहीं भी जाने के संदर्भ में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और राजस्थान रॉयल्स के मैनेजमेंट के निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।