|
लुधियाना. ट्रकों के नट बोल्ट बनाने वाली स्माल स्केल इंडस्ट्री चलाने वाले शिमलापुरी चिमनी रोड निवासी करनैल सिंह (47) ने दो बच्चों को जहर देकर खुद पत्नी के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता सुबह उस वक्त चला जब डेयरी मालिक ने आकर दरवाजा खटकटाया। करनैल सिंह स्माल स्केल इंडस्ट्री एसोसिएशन का सेक्रेटरी भी था।
वह बरौटा रोड पर अपनी फैक्ट्री चलाता था। सूचना मिलने पर थाना शिमलापुरी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है और शवों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे परिवार की ओर से ऐसा कदम उठाने का कोई कारण स्पष्ट हो पाए। फिलहाल, पुलिस मामले को व्यापार में पड़े घाटे से जोड़ कर देख रही है, लेकिन करनैल सिंह के भाइयों के अनुसार उसे घाटा तो था, लेकिन हालात इतने भी बुरे नहीं थे कि वह परिवार सहित आत्महत्या करने जैसा कदम उठा ले।
करनैल सिंह यहां गली नंबर छह में किराए के मकान में रहता था। इससे पहले वह गली नंबर तीन में रहते रहे हैं। इसी मोहल्ले में उनका अपना भी मकान था जो उन्होंने करीब पांच वर्ष पहले बेच दिया था।
बच्चों को दूध में मिलाकर पिलाया जहर
जांच कर रही पुलिस के अनुसार कमरे में दो गिलास मिले हैं, जिनमें थोड़ा-थोड़ा हेल्थ ड्रिंक वाला दूध बचा हुआ था। संभवत: करनैल व सरबजीत ने पहले दूध में जहर मिलाकर बच्चों को दिया होगा। बच्चों के दम तोड़ने के बाद दोनों ने अलग-अलगकमरों में जाकर फंदा लगा लिया होगा।
घटना का एक पहलू यह भी है कि करनैल सिंह के पैर जमीन को छू रहे थे, जबकि सरबजीत के मुड़े हुए घुटने बैड तक पहुंच रहे थे, लेकिन पुलिस अफसर इसे आत्महत्या का ही मामला मान रहे हैं। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी-2 गुरमीत सिंह रंधावा के अनुसार करनैल और सरबजीत ने नाइलोन की रस्सी से फंदा लगाया है। यह संभव है कि वजन से रस्सी खिंच जाए।
कभी परेशानी का जिक्र नहीं किया
करनैल के भाई शिमलापुरी निवासी तिरलोक सिंह के अनुसार करनैल सिंह चार भाइयों व दो बहनों में सबसे छोटा था। वह खुद लोगों की परेशानियों का निपटारा करता था, ऐसे में उसके द्वारा ऐसा कदम उठाने का मतलब समझ नहीं आता। करनैल का काम-काज कुछ प्रभावित जरूर था, लेकिन इतना भी नहीं प्रभावित नहीं था कि वह इस कदर परेशान हो जाए। करनैल ने कभी उनसे किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था।
करनैल की बेटी विपनजीत कौर पास ही स्थित प्राइवेट निप्पी स्कूल में आठवीं और बेटा प्रभजोत सिंह पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। करनैल का पहली पत्नी से तलाक हो गया था व उसने करीब 17 वर्ष पहले सरबजीत कौर के साथ दूसरा विवाह किया था। दोनों बच्चे उसकी दूसरी शादी से हैं।
यह सीधे-सीधे सामूहिक आत्महत्या का मामला लग रहा है। शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। क्योंकि यहां से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए सिर्फ कारोबारी घाटे के अलावा पुलिस और भी कई कोणों से जांच कर रही है। पुलिस को जांच में संभवत: और भी जानकारियां हासिल होंगी।
- गुरमीत सिंह रंधावा, एसपी सिटी