|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
जीटीवी के रियलिटी शो ‘सारेगामापा चैलेंज-2009’ की प्रतिभागी अस्मा रफी को भले ही ठीक तरह से हिंदी बोलनी न आती हो लेकिन सलमान खान के मुंह से अपनी तारीफ सुनकर वह बेहद खुश हैं।
उनका कहना है कि उनके लिए इससे बड़ी बात और क्या हो सकती है कि लोग सलमान को पसंद करते हैं और सलमान उन्हें। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि एक वक्त था जब वह सलमान की फिल्में देखती थीं और पिछले दिनों सारेगामापा के सैट पर जब सलमान को अपनी आंखों के सामने देखना और उनके मुंह से अपनी तारीफ सुनना किसी सपने के सच होने जैसा था।
अस्मा की मातृभाषा अरबी है लेकिन अपने पिता के सपने को पूरा करने के लिए ही उन्होंने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें यह डर था कि वह हिंदी गीत गा सकेंगी या नहीं लेकिन पिता के समर्थन और कड़ी मेहनत के चलते उनका यह डर भी दूर हो गया।
अस्मा को दुख है कि संगीत के प्रति उनके प्यार के कारण उनकी मां उन्हें छोड़कर चली गई। उन्होंने कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा कि उनकी मां ने आखिरकार उनके साथ ऐसा क्यों किया।