|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
अभिनेत्री कैटरीना कैफ का कहना है कि बॉलीवुड में पांच साल बिताने और लगातार 6 हिट फिल्में देने के बाद उन्हें इस बात का गर्व है कि उन्होंने अपने आलोचकों को गलत साबित कर दिया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तो लोगों ने न सिर्फ उनके बोलचाल के व्यवहार की आलोचना की थी बल्कि कईयों ने तो उन्हें इंडस्ट्री में ही न आने की सलाह दी।
उन्होंने कहा, ‘मैं जानती हूं कि मेरे आलोचकों ने शुरुआती दौर में मेरी आलोचना जानबूझकर नहीं की थी लेकिन उन्होंने मेरे बारे में कई बार यही लिखा ‘हम नहीं जानते कि यह अभिनेत्री कितनी देर तक चलेगी..’। इस सबसे मुझे काफी दुख पहुंचा। मैंने अपनी आलोचना से और ज्यादा मेहनत करने की सीख ली और आखिरकार सफल होकर दिखाया।’
कैटरीना मानती हैं कि जिंदगी में इनसान को ऐसे बहुत से लोग मिलते हैं जो अक्सर यह बताते हैं कि आप यह नहीं बन सकते, आप वह नहीं बन सकते। लेकिन यह सही नहीं है क्योंकि उनके मुताबिक अगर एक बार इनसान कुछ करने की ठान ले तो बहुत कुछ कर सकता है और इसमें किस्मत का भी बहुत बड़ा हाथ होता है।
वर्ष 2003 में ‘बूम’ जैसी फ्लॉप फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखने वाली इस अभिनेत्री ने 5 साल के करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे। इसी के साथ उन्होंने अपनी हिंदी में भी काफी सुधार लाया। उन्होंने बताया कि लोगों से हिंदी में बातचीत करने और इसी भाषा में स्क्रिप्ट पढ़ने के कारण ही वह इतनी जल्दी हिंदी सीख पाई हैं।
एक के बाद एक 6 हिट फिल्में देने के कारण कैटरीना कई निर्माता-निर्देशक अपना लकी चार्म समझने लगे हैं। हालांकि इस लेबल से उन्हें कोई खास खुशी नहीं है। वह मानती हैं कि एक फिल्म तभी हिट होती है अगर उसकी स्क्रिप्ट बेहतरीन हो, अच्छे कलाकारों और गीत-संगीत के साथ उसका बढ़िया निर्देशन किया गया हो।
इमेज बदलना चाहती हैं अभिनेत्री
हर तरह की भूमिकाएं निभाने की चाहत रखने वाली इस अभिनेत्री ने बताया कि जिस तरह अक्षय कुमार ने अपनी इमेज एक्शन हीरो से कॉमेडी हीरो की बनाई है, उसी तरह वह भी अपनी इमेज बदलना चाहती हैं क्योंकि अब तक उन्होंने ज्यादातर फिल्मों में शर्मीली और सीधी-सादी लड़की की भूमिकाएं ही निभाई हैं।